नेपाल: 27 मार्च को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे बालेंद्र शाह, RSP को मिली थीं 182 सीटें
TV9 Bharatvarsh March 20, 2026 09:42 AM

नेपाल में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) की शानदार जीत के बाद बालेंद्र शाह 27 मार्च को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे. इससे एक दिन पहले 26 मार्च को सांसदों को शपथ दिलाई जाएगी. बता दें कि 5 मार्च को हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव में आरएसपी ने 182 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. आरएसपी ने बालेंद्र शाह को प्रधानमंत्री पद का चेहरा घोषित कर चुनाव लड़ा था.

आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने, वरिष्ठ नेता बालेंद्र शाह, उपाध्यक्ष द्वय डीपी अर्याल और स्वर्णिम वाग्ले ने बैठक कर शपथ कार्यक्रम की तारीख तय की. पार्टी ने बताया कि पीएम की शपथ से पहले 26 मार्च को संघीय संसद सचिवालय ने सांसदों के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम तय किया है. इसके तुरंत बाद आरएसपी सरकार का गठन करेगी.

कहां होगा शपथ ग्रहण?

संघीय संसद सचिवालय के प्रवक्ता एकराम गिरी ने बताया कि निर्माणाधीन नया संसद भवन अभी पूरी तरह तैयार नहीं है, जिसकी वजह से शपथ ग्रहण समारोह अस्थायी हॉल में होगा. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर माइक्रोफोन, लाइट की व्यवस्था और अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं की स्थापना का काम काफी तेजी से किया जा रहा है.

आम चुनाव का अंतिम परिणाम

नेपाल चुनाव आयोग ने गुरुवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को आम चुनाव के अंतिम परिणाम प्रस्तुत किए, जिससे चुनाव प्रक्रिया का औपचारिक रूप से समापन हो गया. प्रतिनिधि सभा के चुनाव पांच मार्च, 2026 को हुए, जिसमें 275 सदस्यीय निचले सदन (प्रतिनिधि सभा) के लिए मतदान हुआ. प्रतिनिधि सभा के 275 सदस्यों में से 165 सदस्य प्रत्यक्ष मतदान द्वारा और 110 सदस्य आनुपातिक मतदान द्वारा चुने जाते हैं.

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति पौडेल को परिणाम प्रस्तुत किए.

समर्पण और ईमानदारी से चुनाव संपन्न

राष्ट्रपति पौडेल ने चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न होने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन और जटिल परिस्थितियों के बावजूद इन्हें समर्पण और ईमानदारी के साथ संपन्न कराया गया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में पांच मार्च को प्रतिनिधि सभा के चुनाव कराकर आयोग ने अपने संवैधानिक दायित्व को सफलतापूर्वक पूरा किया है.

निचले सदन में आरएसपी को 182 सीट, नेपाली कांग्रेस को 38 सीट, सीपीएन-यूएमएल को 25, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी को 17, श्रम संस्कृति पार्टी को सात और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी को पांच सीट मिली हैं. पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान बालेंद्र शाह को अपना प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था. शाह यहां बालेन के नाम से जाने जाते हैं.

नेपाली कांग्रेस प्रमुख पद से इस्तीफा

नेपाल में हाल ही में हुए आम चुनावों में मिली करारी हार के बाद नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गगन थापा ने पद से इस्तीफा दे दिया. देश में प्रतिनिधि सभा चुनावों में नेपाली कांग्रेस (एनसी) को 38 सीट मिलीं, जबकि उसका नारा था, इस बार 100 पार. पार्टी ने गगन थापा को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था लेकिन वह धनुषा-4 निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अमरेश सिंह से हार गए.

केंद्रीय कार्य समिति की बैठक आज

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी की केंद्रीय कार्य समिति की बैठक की तारीख तय होने के तुरंत बाद थापा ने राष्ट्रीय संसद के उपाध्यक्ष विश्व प्रकाश शर्मा को अपना इस्तीफा सौंप दिया. पार्टी ने थापा के इस्तीफे को सार्वजनिक नहीं किया है. पार्टी के एक पदाधिकारी के हवाले से बताया गया, 20 मार्च (आज) को केंद्रीय कार्य समिति की बैठक बुलाई गई है, जिसमें अध्यक्ष के इस्तीफे पर औपचारिक रूप से चर्चा की जाएगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.