अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दावा किया कि यूएस ने ईरान के भीतर 7000 से अधिक ठिकानों पर हमले किए. उन्होंने कहा कि ये युद्ध अब अमेरिका की शर्तों पर खत्म होगी. पेंटागन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हेगसेथ ने इस चिंता को भी खारिज कर दिया कि यह युद्ध लंबा खिंच सकता है. उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरी तरह से निर्णायक बना हुआ है, जिसका उद्देश्य ईरान की मिसाइल सिस्टम, रक्षा उद्योग और नौसैनिक शक्ति को समाप्त करना है, साथ ही उसे परमाणु हथियार प्राप्त करने से रोकना है.
ड्रोन हमलों में आई कमी: पीट हेगसेथ
पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिकी सेनाओं पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले जंग शुरू होने के बाद से 90 फीसदी कम हो गए हैं और इसी तरह ड्रोन हमलों में भी गिरावट देखी गई है. उन्होंने कहा, 'हम यह जानते हैं कि अगर ईरानी कुछ कर पाते तो और भी ज्यादा हमले करते, लेकिन अब वे ऐसा नहीं कर सकते. जॉइंट चीफ्स के चेयरमैन जनरल डैन केन ने कहा कि यूएस फोर्स प्लानिंग के अनुसार काम कर रहे हैं और सुरंग समेत और भी अंदरूनी ठिकानों पर हमले जारी रखे हुए हैं.
ईरान का पनडुब्बी बेड़ा तबाह: डैन केन
डैन केन ने कहा, 'अमेरिकी सेना ने बुधवार (18 मार्च 2026) को सुरंग ठिकानों पर पांच हजार पाउंड के पेनेट्रेटर हथियार गिराए. यह ऑपरेशन अब पूर्व की ओर आगे बढ़ रहा है और ईरानी हवाई क्षेत्र में और गहराई तक प्रवेश कर रहा है.' उन्होंने बताया कि अमेरिका ने ईरान की नौसैनिक क्षमताओं को भी निशाना बनाया है. हेगसेथ ने कहा कि 120 से अधिक जहाजों को नुकसान पहुंचाया गया या वे डूब गए और दावा किया कि ईरान का पनडुब्बी बेड़ा प्रभावी रूप से निष्क्रिय कर दिया गया है. उनका सतही बेड़ा अब कोई मायने नहीं रखता.
कैन ने ऑपरेशनल गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा, 'अमेरिकी बल ईरान की मिसाइल क्षमताओं के खिलाफ अपने प्रयासों में निरंतर सक्रिय है. माइन स्टोरेज फैसिलिटी और नौ सैनिक गोला-बारूद डिपो को खोजने और नष्ट करने का काम जारी रखे हुए हैं. पेंटागन ने हवाई शक्ति के बढ़ते उपयोग को भी रेखांकित किया. A-10 विमान और AH-64 अपाचे हेलीकॉप्टर अब दक्षिणी मोर्चे पर, जिसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुद भी शामिल है, सक्रिय हैं और तेज हमलावर नौकाओं और ड्रोन ठिकानों को निशाना बना रहे हैं.
ट्रंप तय करेंगे युद्ध की दिशा: हेगसेथ
बी-1, बी-2 और बी-52 जैसे बॉम्बर विमान लंबी दूरी के मिशनों पर काम कर रहे हैं, जिन्हें व्यापक हवाई ईंधन भरने का समर्थन मिल रहा है. ऑपरेशन की तीव्रता के बावजूद अमेरिकी अधिकारियों ने अभियान समाप्त करने की कोई समय-सीमा नहीं दी. हेगसेथ ने कहा कि हम अपनी योजना के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं और यह निर्णय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निर्भर करेगा कि ऑपरेशन कब समाप्त करना है. रक्षा सचिव ने इस संघर्ष को ईरान की लंबे समय से चली आ रही हरकतों का सीधा जवाब बताया.
उन्होंने कहा कि यूएई, कतर, बहरीन, कुवैत और सऊदी अरब जैसे देशों को इजरायल के साथ प्रमुख साझेदार बताया.पेंटागन ने बताया कि देश के अंदर इंटरनेट बंद होने के बीच, वह ईरान के दुष्प्रचार के प्रयासों का भी मुकाबला कर रहा है. हेगसेथ ने ईरानी शासन पर इस संघर्ष को लेकर लोगों की सोच को प्रभावित करने के लिए एआई से बनी नकली तस्वीरें फैलाने का आरोप लगाया.