MP में पुलिसकर्मी भी नहीं सुरक्षित! चोरों ने हेड कांस्टेबल के घर से उड़ाए 80 लाख के गहने
TV9 Bharatvarsh March 23, 2026 01:45 AM

जिन पुलिसकर्मियों को देखकर अपराधी खौफ खाते हैं, अब वही अपराधी उनके घरों को ही निशाना बना रहे हैं. जबलपुर में हुई एक हैरान करने वाली घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. तिलवारा थाना क्षेत्र के अर्णव विहार सोसाइटी में चोरों ने एक पुलिसकर्मी के घर को निशाना बनाते हुए 24 मिनट में करीब 80 लाख रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर रफू चक्कर हो गए. चोर स्पाईडर मेन की जैकेट पहनकर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे.

दरअसल, पूरी घटना तिलवारा थाना क्षेत्र के अर्णव विहार सोसाइटी की है, जहां यातायात थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक के नए घर में देर रात बदमाशों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवरात के साथ नकदी भी चोरी कर ली. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम से मौके से फरार हो गए.

पुलिसकर्मी के घर से 80 लाख की चोरी

बताया जाता है कि इस घर में प्रधान आरक्षक के बेटे और बहू रहते थे और पिता पुलिस लाइन में बने क्वार्टर में. पीड़ित राहुल मिश्रा के अनुसार, उनके घर से लगभग 8 से 10 तोला सोना और कई चांदी की पायल सहित अन्य कीमती सामान चोरी हुआ है. राहुल ने बताया कि वर्तमान बाजार मूल्य के हिसाब से चोरी हुए सामान की कीमत करीब 70 से 80 लाख रुपये है. राहुल मिश्रा ने बताया कि वे काम के सिलसिले में सिंगरौली गए हुए थे और उनकी पत्नी रीवा में थीं, जिसके कारण घर खाली था.

रात 2 बजे वारदात को दिया अंजाम

इसी दौरान रात करीब 2 बजे चोर घर में घुसे. चोर सीधे बेडरूम में पहुंचे और केवल अलमारी को निशाना बनाते हुए उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. बताया जा रहा है कि चोर लगभग 30 से 45 मिनट तक घर में रहे. इस सोसाइटी में पहले भी एक-दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. हालांकि, पीड़ित के घर में यह पहली घटना है. पीड़ित ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस सिर्फ मुख्य सड़क पर सायरन बजाते हुए निकल जाती है और कॉलोनियों के अंदर गश्त नहीं करती. उनका कहना है कि अगर कॉलोनी के अंदर नियमित गश्त होती, तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड ने जांच की. पुलिस की शुरुआती कार्रवाई से वे संतुष्ट हैं, लेकिन जब तक चोरी हुआ सामान बरामद नहीं हो जाता वे पूरी तरह संतुष्ट नहीं होंगे. राहुल मिश्रा ने बताया कि उनके पिता पदमधर मिश्रा ट्रैफिक पुलिस में हैं और तिलवारा थाने में भी 4-5 साल तक पदस्थ रहे हैं. उनका एक और घर गढ़ा में है, जहां उनका परिवार रहता है, जबकि वे अपनी पत्नी के साथ अर्णव विहार स्थित नए घर में पिछले 3-4 साल से रह रहे थे.

‘मेरी सारी ज्वेलरी ले गए चोर…’

बहू मीनल मिश्रा ने बताया कि वह रीवा गई हुई थी और पति सिंगरौली गए हुए थे. सारी ज्वेलरी यहीं घर पर रखा हुआ थी. चोरी में मेरे लगभग सभी जेवर चले गए दो हार, तीन मंगलसूत्र, दो बेंदी, तीन जोड़ी कान के झुमके, एक नथ, सात-आठ पायलें, एक गर्दन (हार) और ज्वेलरी बॉक्स में रखा लगभग पूरा सामान चोरों ने गायब कर दिया. इसके अलावा चार-पांच अंगूठियां भी चोरी हो गईं. घर में कैमरे लगे हुए हैं. ये सुबह करीब 4 बजे कैमरा चेक कर रहे थे, तो एक कैमरा बंद मिला.

बाहर वाले कैमरे में मोशन डिटेक्शन के जरिए दिखा कि करीब 2 बजे कुछ लोग घर में घुसे थे. इसके बाद इन्होंने तुरंत सभी को फोन किया. जब लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा की अलमारी टूटी हुई थी. पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.