मुंबई, 22 मार्च। आमिर खान की चर्चित फिल्म 'गजनी' के निर्माता मधु मंटेना और उनकी पत्नी इरा त्रिवेदी ने अपने पहले बच्चे के आगमन की खुशखबरी साझा की है। उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी।
मधु ने इंस्टाग्राम पर भगवान कृष्ण का आभार व्यक्त करते हुए एक वीडियो साझा किया, जिसमें बच्चे के नीले रंग के पैरों के निशान के साथ भगवान कृष्ण की तस्वीर थी। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "कृष्ण का धन्यवाद, इस दिव्य आशीर्वाद के लिए, जिसने हमारे जीवन को प्रेम और प्रकाश से भर दिया है। हमने नवरात्रि के पवित्र दिनों में ईद के अवसर पर अपने बच्चे का स्वागत किया।"
हालांकि, बच्चे के जेंडर के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, लेकिन नीले रंग के पैरों के निशान से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्हें बेटा हुआ है।
इस खुशखबरी के बाद, फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने उन्हें बधाई दी। राजकुमार राव ने लिखा, "आप दोनों को दिल से बधाई। नन्हें मेहमान से मिलने का बेसब्री से इंतजार है।" नरगिस फाखरी, रवीना टंडन और पुलकित सम्राट ने भी अपनी खुशी व्यक्त की।
मधु मंटेना का नाम 'गजनी' के साथ जुड़ा है, और उन्होंने कई सफल फिल्मों का निर्माण किया है। हाल ही में, उन्होंने जुनैद खान और खुशी कपूर की फिल्म 'लवयापा' का निर्माण किया, जो 2022 की तमिल हिट 'लव टुडे' की हिंदी रीमेक थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं हो पाई।
मधु की पहली शादी डिजाइनर मसाबा गुप्ता से हुई थी, जो 2015 में हुई थी, लेकिन 2019 में उनका तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने इरा त्रिवेदी से दूसरी शादी की।