ODI World Cup 2027: पुराने अवतार में लौटेगा ये वर्ल्ड कप, टीम इंडिया का फिर फाइनल में पहुंचना तय?
TV9 Bharatvarsh March 23, 2026 08:42 AM

टीम इंडिया के लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने से भारतीय क्रिकेट फैंस बेहद खुश हैं. इस जीत से टीम इंडिया ने टी20 क्रिकेट में अपना दबदबा साबित किया है. अब इंतजार वनडे वर्ल्ड कप का है, जिसे जीतने की बेकरारी लगातार बढ़ रही है. ये वर्ल्ड कप 2027 में खेला जाएगा और इस वर्ल्ड कप में कुछ ऐसा होने वाला है, जो 24 साल पहले हुआ था.

साउथ अफ्रीका-जिम्बाब्वे में लौट रहा वर्ल्ड कप

टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद फिलहाल सबका ध्यान आईपीएल 2026 पर लग गया है. ऐसे में वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी फिलहाल जोर-शोर से नहीं हो रही क्योंकि इसमें अभी डेढ़ साल का वक्त है. मगर इसको लेकर चर्चाएं तो होने ही लगी हैं क्योंकि अगला खिताब टीम इंडिया को यहीं जीतना है. ऐसे में इस वर्ल्ड कप की छोटी-बड़ी बातें जानने के लिए फैंस अभी से उत्सुक हैं.

इस वर्ल्ड कप की एक सबसे खास बात तो ये है कि इसका आयोजन साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में किया जाएगा. इससे पहले 2003 में ही साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे में ये टूर्नामेंट खेला गया था. तब तीसरा मेजबान केन्या था लेकिन इस बार तीसरा होस्ट नामीबिया है. मगर ये समानता सिर्फ यहीं तक नहीं है. बल्कि इस वर्ल्ड कप में टीमों की संख्या और फॉर्मेट भी 2003 वर्ल्ड कप वाला ही है.

24 साल पुराने फॉर्मेट में वापसी

इस बार 14 टीम वर्ल्ड कप का हिस्सा होंगी, जैसा कि 2003 वर्ल्ड कप में हुआ था. मगर टीमों की संख्या से ज्यादा अहम इस बार वर्ल्ड कप का फॉर्मेट है. इन 14 टीमों को 7-7 के ग्रुप में बांटा जाएगा, जहां हर टीम अपने ग्रुप की बाकी टीमों के खिलाफ खेलेगी. फिर दोनों ग्रुप से शीर्ष पर रही 3-3 टीमें सुपर-6 राउंड में पहुंचेंगी. इसमें हर टीम दूसरे ग्रुप से आई तीनों टीमों के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगी.

मगर इसमें एक अहम पहलू है ‘पॉइंट्स कैरी फॉरवर्ड’ का. यानि जो भी टीम सुपर-6 में आएगी, वो अपने ग्रुप से आने वाली बाकी दोनों टीमों के खिलाफ मैच के पॉइंट्स सुपर-6 में लेकर आएगी. यानि किसी एक टीम ने अपने ग्रुप की बाकी दोनों टीमों को हराया है तो वो सुपर-6 राउंड में 4 पॉइंट्स से शुरुआत करेगी. सुपर-6 राउंड के शीर्ष पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी और फिर आखिरी 2 टीमों के बीच फाइनल होगा.

टीम इंडिया खत्म करेगी खिताब का इंतजार?

आखिरी बार इस फॉर्मेट में वर्ल्ड कप 2003 में खेला गया था. वो वर्ल्ड कप भी 3 देशों ने होस्ट किया था, जिसमें साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे भी शामिल थे. तब टीम इंडिया ने फाइनल तक का सफर किया था. हालांकि, उस बार भी फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने ही हराया था. ऐसे में भारतीय टीम और फैंस तो यही उम्मीद करेंगे कि फाइनल तक कहानी वैसी ही रहे, बस खिताबी मुकाबले में इतिहास बदल जाए.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.