सुनील गावस्कर को नहीं मिल रहा ‘धुरंधर: द रिवेंज’ मूवी का टिकट, जानिए कहां पहुंच गए पूर्व क्रिकेटर
एबीपी लाइव March 25, 2026 07:42 AM

Sunil Gavaskar Unable To Get Tickets For The Dhurandhar The Revenge Movie: धुरंधर: द रिवेंज मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया हुआ है. पिछले साल की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर के इस सीक्वल ने दुनियाभर में अब तक 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. फिल्म को लेकर इतना जबरदस्त क्रेज है कि पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर तक को टिकट नहीं मिल पा रही है. इस बारे में धुरंधर के अभिनेता राकेश बेदी ने बताया कि उनकी मुलाकात 1983 के वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य सुनील गावस्कर से हुई. उनसे गावस्कर ने फिल्म के हिट सीक्वल के लिए टिकट का इंतजाम करने की गुजारिश की है.

धुरंधर फिल्म के अभिनेता ने बताया

धुरंधर फिल्म के अभिनेता राकेश बेदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में कहा, ‘कल मेरी मुलाकात भारत के महान खिलाड़ी सुनील गावस्कर से हुई. उन्होंने मुझसे कहा कि उन्हें फिल्म के टिकट नहीं मिल पा रही है. मुझसे कुछ करने को कहा. मैं उनके लिए टिकट का इंतजाम करने की कोशिश कर रहा हूं. उम्मीद है कि मैं कर पाऊंगा.’

बेदी की फिल्म में की गई एक्टिंग की जमकर तारीफ हो रही है. इसको लेकर उन्होंने कहा, ‘मुझे गर्व है कि मैं धुरंधर फिल्म का हिस्सा हूं. मुझे कहना पड़ेगा कि धुरंधर ने न सिर्फ रिकॉर्ड तोड़े हैं, बल्कि सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. ये फिल्म भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के लोगों के दिलों में भी गहराई से उतर गई है. ये सिर्फ कमर्शियल हिट नहीं है, बल्कि भारतीय जनता पर भी इसका गहरा असर पड़ा है. फिल्म देखने वालों की प्रतिक्रियाएं और कलेक्शन दोनों ही अभूतपूर्व हैं.’

राकेश बेदी ने सिनेमा प्रेमियों से की अपील

उसी वीडियो में राकेश बेदी ने सिनेमा प्रेमियों से एक खास अपील करते हुए कहा, ‘मेरी एक गुजारिश है कि जब आप फिल्म देख रहे हों तो उसके सीन शूट करके सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें, क्योंकि ये स्पॉइलर होते हैं. खासकर फिल्म का आखिरी सीन, क्लाइमेक्स शूट करके सोशल मीडिया पर डालना सही नहीं है. आप जानते हैं कि ये मजा खराब करने वाली बात है. मैं फिर से अनुरोध करता हूं कि कृपया फिल्म के सीन शूट करके सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें. ये सही बात नहीं है. आपने फिल्म का मजा लिया है, अब दूसरों को भी लेने दीजिए. धन्यवाद.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.