अब महिलाओं को मिलेगा यूपीआई के जरिए लोन, बैंक ऑफ बड़ौदा की खास पहल
TV9 Bharatvarsh March 25, 2026 11:43 AM

डिजिटल इंडिया के दौर में अब बैंकिंग और भी आसान होती जा रही है, खासकर ग्रामीण महिलाओं के लिए. बैंक ऑफ बड़ौदा ने एक नई सुविधा शुरू की है, जिसके तहत महिलाएं अब UPI के जरिए छोटा लोन यानी ओवरड्राफ्ट ले सकेंगी. यह सुविधा खास तौर पर स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं के लिए लाई गई है, जिससे उन्हें बिना बैंक जाए तुरंत पैसे मिल सकें.

इस नई सेवा के तहत योग्य महिलाओं को उनके बैंक खाते के आधार पर 5,000 रुपये तक का ओवरड्राफ्ट मिल सकेगा. खास बात यह है कि यह पैसा सीधे UPI ऐप के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है. यानी अब पैसे निकालने या ट्रांसफर करने के लिए बैंक की लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी. यह सुविधा उन महिलाओं के लिए बेहद फायदेमंद है जिनके पास प्रधान मंत्री जन धन योजना के तहत बैंक खाता है. इससे उन्हें छोटे-छोटे खर्चों या जरूरतों के लिए तुरंत मदद मिल सकेगी.

कैसे काम करता है UPI पर क्रेडिट?

इस पहल में नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के क्रेडिट लाइन ऑन UPI प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसे भारतीय रिजर्व बैंक ने मंजूरी दी है. इस सिस्टम के जरिए बैंक पहले से तय लोन लिमिट सीधे UPI ऐप में जोड़ देते हैं. जब जरूरत हो, तब उसी से भुगतान किया जा सकता है. इसका मतलब है कि अब UPI सिर्फ पैसे भेजने का ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर उधार लेने का भी आसान जरिया बन गया है.

ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा बड़ा फायदा

इस पहल का मकसद गांवों में रहने वाली महिलाओं तक आसानी से कर्ज पहुंचाना है. अक्सर ग्रामीण महिलाओं को बैंक से लोन लेने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. लेकिन अब यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो जाएगी, जिससे समय और मेहनत दोनों बचेंगे. यह कदम महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें- अब UPI पिन भूलने पर भी हो जाएगी पेमेंट, BHIM ऐप में आया नया फीचर

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.