अगर आप अक्सर अपना UPI पिन भूल जाते हैं या बार-बार डालने में परेशानी होती है, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. BHIM App ने एक नया और सुविधाजनक फीचर शुरू किया है, जिससे आप सिर्फ अपने फिंगरप्रिंट या फेस लॉक के जरिए पेमेंट कर सकते हैं. यह सुविधा खासतौर पर छोटे ट्रांजैक्शन को तेज और आसान बनाने के लिए लाई गई है.
अब यूजर्स 5,000 रुपये तक का UPI पेमेंट बिना पिन डाले कर सकते हैं. जैसे ही आप पेमेंट करते हैं, आपको केवल अपने फोन का फिंगरप्रिंट या फेस रिकॉग्निशन इस्तेमाल करना होगा. इससे पेमेंट प्रक्रिया पहले से ज्यादा तेज हो जाती है और बार-बार पिन डालने की जरूरत खत्म हो जाती है.
रोजमर्रा के काम होंगे आसानयह फीचर उन लोगों के लिए काफी मददगार है जो दिनभर में कई छोटे-छोटे पेमेंट करते हैं, जैसे दुकानों पर QR कोड स्कैन करना, दोस्तों या परिवार को पैसे भेजना या ऑनलाइन शॉपिंग करना. अब हर बार पिन डालने का झंझट नहीं रहेगा, जिससे समय भी बचेगा और अनुभव भी बेहतर होगा.
सुरक्षा का भी रखा गया ध्यानकई लोगों के मन में सवाल होता है कि क्या यह सुरक्षित है? तो जवाब है-हां. फिंगरप्रिंट और फेस डेटा हर व्यक्ति के लिए अलग होता है और यह डेटा आपके मोबाइल डिवाइस में ही सुरक्षित रहता है. इससे किसी दूसरे व्यक्ति के लिए आपके अकाउंट का गलत इस्तेमाल करना काफी मुश्किल हो जाता है. हालांकि, 5,000 रुपये से ज्यादा की राशि भेजने के लिए अब भी UPI पिन जरूरी रहेगा, ताकि सुरक्षा बनी रहे.
इस सुविधा का इस्तेमाल शुरू करने के लिए आपको BHIM ऐप में जाकर अपनी प्रोफाइल खोलनी होगी. वहां अपने बैंक अकाउंट को चुनकर बायोमेट्रिक ट्रांजैक्शन का विकल्प ऑन करना होगा. एक बार सेटअप पूरा हो जाने के बाद आप आसानी से फिंगरप्रिंट या फेस लॉक से पेमेंट कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- रिलायंस की मेगा ऑयल डील! यूएस से मिली छूट, अब ईरान से आएगा 50 लाख बैरल कच्चा तेल