दिल्ली से सटे नोएडा से सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां सेक्टर-78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू सोसाइटी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 43 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर का शव उनके घर में पंखे से लटका मिला. मृतक की पहचान अनुराग निरंजन के रूप में हुई है. वो मूल रूप से जालौन (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे और रेलवे की एक अर्धसरकारी कंपनी में कार्यरत थे.
घटना गुरुवार सुबह की है। जानकारी के मुताबिक, अनुराग की पत्नी और बेटा किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे. जब वे वापस लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था. काफी देर तक घंटी बजाने और खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो सोसाइटी के मेंटेनेंस स्टाफ को बुलाया गया. दरवाजा तोड़कर जब लोग अंदर दाखिल हुए, तो सामने का मंजर देख पत्नी बेसुध हो गई और बेटा सदमे में आ गया. अनुराग का शव पंखे से लटका हुआ था.
“किस्त भरते रहना ताकि परिवार बेघर न हो”
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. इस नोट में अनुराग ने अपने परिवार और दोस्तों से माफी मांगी है. सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उन्होंने अपने एक दोस्त से विशेष अपील की कि “मेरे जाने के बाद भी मेरे फ्लैट की किस्त (EMI) जमा करते रहना.” उन्होंने लिखा कि यदि किस्तें जमा नहीं हुईं, तो उनके परिवार को रहने की दिक्कत होगी और उन्हें दर-दर भटकना पड़ेगा.
बैडमिंटन किट की रस्सी का किया इस्तेमाल
सेक्टर-113 थाना प्रभारी के अनुसार, प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का ही लग रहा है. बताया जा रहा है कि अनुराग अपनी गाड़ी से बैडमिंटन किट लेकर आए थे और उसी में मौजूद प्लास्टिक की रस्सी/डोरी का इस्तेमाल उन्होंने फंदा बनाने के लिए किया.
परिवार का इकलौता सहारा थे अनुराग
अनुराग अपने परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे. उनकी मौत के बाद पत्नी और बेटे के सामने भविष्य का बड़ा संकट खड़ा हो गया है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है. परिजनों की तरफ से अभी कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.