ईरान ने UAE पर दागी मिसाइल, चपेट में आए भारत-PAK के एक-एक नागरिक की मौत, दूतावास ने क्या बताया?
एबीपी लाइव March 27, 2026 06:12 PM

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एयर डिफेंस सिस्टम से रोकी गई मिसाइलों का मलबा 26 मार्च को अबू धाबी की एक सड़क पर गिरा, जिसकी चपेट में आने से एक भारतीय समेत कम से कम दो लोगों की मौत हो गई. इसमें तीन अन्य लोग घायल भी हुए हैं. अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने बताया कि इस घटना में मारा गया दूसरा व्यक्ति पाकिस्तानी नागरिक है जबकि तीन अन्य घायलों में भी एक भारतीय शामिल है. यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यूएई की हवाई रक्षा प्रणाली ईरान से आने वाली मिसाइलों और ड्रोन हमलों के खतरों का नियमित अंतराल पर जवाब दे रही है.

अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने बताया, ‘एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोके जाने के बाद अबू धाबी अधिकारियों ने स्वेहान स्ट्रीट में मलबा गिरने की घटना पर प्रतिक्रिया दी है.’ उसने बताया, ‘इस घटना में पाकिस्तान और भारत के दो लोगों की मौत हो गई और अमीरात, जॉर्डन और भारतीय राष्ट्रीयता के तीन व्यक्तियों को गंभीर से लेकर मध्यम दर्जे की चोटें आईं.’ गल्फ न्यूज के मुताबिक, अबू धाबी में हुई इस घटना के बाद मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 11 हो गई है. 

यूएई में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिक की मौत पर संवेदना व्यक्त की. भारतीय दूतावास ने कहा कि वह हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान करने के लिए UAE के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है.

संयुक्त अरब अमीरात के एयर डिफेंस सिस्टम ने 26 मार्च 2026 को ईरान से दागी गई 15 बैलिस्टिक मिसाइलों और 11 यूएवी को निष्क्रिय कर दिया. यूएई रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ईरान के हमलों की शुरुआत से अब तक यूएई की वायु रक्षा प्रणालियों ने 372 बैलिस्टिक मिसाइलें, 15 क्रूज मिसाइलें और 1,826 यूएवी को बीच हवा में मार गिराया है. उसने बताया, ‘इन हमलों में राष्ट्रीय कर्तव्य निभाते हुए सशस्त्र बलों के दो जवान शहीद हो गए. इसके अलावा, सशस्त्र बलों के साथ कार्यरत मोरक्को के एक नागरिक की भी मृत्यु हुई. साथ ही पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, फिलिस्तीन और भारत के आठ नागरिकों की भी जान गई. 

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.