आंखें बंद करिए, आपके लिए गिफ्ट लाई हूं... CM योगी भी हंसे बिना नहीं रह सके
Webdunia Hindi March 27, 2026 09:43 PM


CM Yogi Adityanath: गोरखनाथ मंदिर में उस वक्त हंसी के ठहाके गूंज उठे, जब 'बुलडोजर बाबा' के नाम से मशहूर सीएम योगी आदित्यनाथ को उन्हीं के अंदाज में एक नन्हीं प्रशंसक ने सरप्राइज दे दिया। कानपुर की 4 साल की यशस्विनी ने जब मुख्यमंत्री से आंखें बंद करने को कहा, तो किसी ने नहीं सोचा था कि उनके हाथों में क्या आने वाला है। देखिए, कैसे एक छोटे से खिलौने ने मुख्यमंत्री को खिलखिलाने पर मजबूर कर दिया।

आमतौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मासूम बच्चों को गिफ्ट व चॉकलेट देकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरते हैं, लेकिन इस बार मामला उलट था। कानपुर की यशस्विनी ने सीएम से कहा कि आपके लिए गिफ्ट लाए हैं, पहले आंखें बंद करिए। इसके बाद यशस्विनी ने एक छोटा सा बुलडोजर (खिलौना) मुख्यमंत्री के हाथों में सौंप दिया। सरप्राइज गिफ्ट देखते ही सीएम भी हंस पड़े।

हम आपके लिए गिफ्ट लाए हैं...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में अपनी पारंपरिक दिनचर्या के तहत भ्रमण कर रहे थे। उसी दौरान उनकी नजर 4 वर्षीय यशस्विनी सिंह पर पड़ी, जो अपने अभिभावकों के साथ कानपुर से आई थी। सीएम ने यशस्विनी को अपने पास बुलाया, उसे चॉकलेट दी और बातचीत की। तभी यशस्विनी ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपके लिए एक गिफ्ट लाए हैं, आप आंखें बंद करिए। सीएम ने मुस्कुराते हुए उसकी बात मान ली तो यशस्विनी ने उनके हाथों में एक छोटा सा बुलडोजर सौंप दिया।

आपको बुलडोजर प्रिय है...

गिफ्ट देखकर मुख्यमंत्री समेत वहां मौजूद सभी लोगों के चेहरों पर हंसी बिखर गई। यशस्विनी ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपको बुलडोजर प्रिय है, इसलिए मैं आपको गिफ्ट कर रही हूं। यशस्विनी सिंह कानपुर के प्रताप इंटरनेशनल कॉलेज में नर्सरी की छात्रा है। वह अपने पिता अभय सिंह राजावत व मां प्रियम्वदा सिंह के साथ गोरक्षपीठाधीश्वर से आशीर्वाद लेने के लिए गोरखपुर आई थी। यशस्विनी मुख्यमंत्री से मिलकर बहुत खुश नजर आई।

Edited by: Vrijendra Singh Jhala


© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.