बरहज क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर उस समय अजीब नज़ारा देखने को मिला, जब एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली पर किसी समारोह के दौरान बड़े-बड़े खाना बनाने वाले भगौने लादकर डीजल भराने पहुंच गया। जिसे देखकर लगा मानो ईंधन नहीं, बल्कि किसी भोज की तैयारी चल रही हो। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
वहीं दूसरी तरफ देवरिया के ही हरैया वार्ड नंबर 5 में एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां एक ऑनलाइन डिलीवरी सेंटर का काम केवल इसलिए ठप पड़ गया क्योंकि जनरेटर में डीजल खत्म हो गया था। कर्मचारी जब गैलन लेकर पेट्रोल पंप पहुंचे तो उन्हें डीजल देने से मना कर दिया गया। इसके बाद जो हुआ, उसने सबको सोचने पर मजबूर कर दिया, युवकों ने हार नहीं मानी, बल्कि पूरे जनरेटर को ही धक्का देकर पेट्रोल पंप तक ले आए और वहीं उसमें डीजल भरवाया।
प्रशासन की जनता से अपीलये घटनाएं सिर्फ मनोरंजक या हैरान करने वाली नहीं हैं, बल्कि एक गंभीर सवाल भी खड़ा करती हैं, क्या हम अफवाहों के आगे अपनी समझ खोते जा रहे हैं? हालांकि जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने सभी पेट्रोल पंपों को नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें और अनावश्यक भंडारण से बचें।
जिलापूर्ति अधिकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों में अफवाहों के कारण पैनिक की स्थिति बन गई थी, लेकिन ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जितनी खपत है, उससे अधिक भंडार डिपो में मौजूद है। यह पूरा घटनाक्रम हमें एक आईना दिखाता है कि अफवाहें के पैर नही होते, ये तेजी के साथ फैलते हुए हकीकत का रूप ले लेती हैं और आम नागरिक बिना सत्यता जाने इन्हें सच मान लेता है। आज जरूरत है संयम और जागरूक होने की, ताकि ऐसी स्थितियों से बचा जा सके।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala