Karnataka News: कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद से तंग आकर एक व्यक्ति ने अपनी 28 साल की पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. यह घटना गाणगापुर की यात्रा के दौरान बल्लुरगी गांव के पास हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, बारामती का यह दंपति देवदर्शन के लिए कलबुर्गी आया था. यात्रा के दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने गुस्से में पत्नी को चलती कार से नीचे खींच दिया. इसके बाद उसने सड़क पर ही पत्नी को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया.
पत्नी के चरित्र पर पति को था संदेह
घटना के दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और बीच-बचाव करने की कोशिश की. कुछ लोगों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में भी रिकॉर्ड कर लिया. हालांकि, कुछ समय के लिए आरोपी शांत होता दिखा, लेकिन जैसे ही लोग वहां से हटे, उसने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं. बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद सड़क किनारे गिरी पत्नी पर आरोपी ने कार चढ़ा दी और उसे कुचल दिया. इस निर्मम हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया.
आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया. उसके खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि यह घटना केवल गुस्से का नतीजा नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित भी हो सकती है. फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है.