'सनसनी' के 21 साल बेमिसाल! एबीपी न्यूज के क्राइम शो ने बनाए वर्ल्ड रिकॉर्ड, श्रीवर्धन त्रिवेदी को मिला ‘विद्या-वाचस्पति’ सम्मान
एबीपी लाइव March 28, 2026 06:42 AM

भारतीय न्यूज चैनलों के इतिहास में एक अनोखा रिकॉर्ड कायम हो गया है. ABP न्यूज़ का मशहूर क्राइम शो ‘सनसनी’ ने 21 साल पूरा कर लिया है. इस शो की लगातार एंकरिंग करने वाले श्रीवर्धन त्रिवेदी अब कई वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मालिक बन चुके हैं. इस मौके पर श्रीवर्धन त्रिवेदी ने कहा, 'मेरे लिए यह शो की उपलब्धि नहीं बल्कि यात्रा है. दरअसल, जीवन एक यात्रा ही है और असल मजा भी इसी में है. सनसनी के 21 साल एक यात्रा है, जिसमें कई पड़ाव आए और आज हम कामयाब हैं.' 

12 घंटे की मेहनत के बाद आधे घंटा का शो बनता है: श्रीवर्धन

श्रीवर्धन त्रिवेदी ने कहा, 'मेरी कोशिश रहती है कि जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभा सकूं. इस काम में मुझे बहुत मजा आता है. मेरा मानना है कि चमत्कार रोज नहीं होते, फिर भी हमें खुद को आगे बढ़ाते रहना चाहिए.'

वे खुद कहते हैं, 'सनसनी गुनाह और गुनहगारों के खिलाफ एक मुहिम है. यह शो मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है. इस शो में कई लोगों का योगदान रहा है. एबीपी न्यूज की की टीम 11-12 घंटे इस शो पर मेहनत करते हैं, तब जाकर आधे घंटे शो की क्लिप निकलती है, जिसे जनता का प्यार मिलता है.'

2004 में पहली बार ऑनएअर हुआ था सनसनी

‘सनसनी’ शो 22 नवंबर 2004 को रात 11 बजे स्टार न्यूज (अब ABP न्यूज) पर शुरू हुआ था. पहली बार जब 'सन्नाटे को चीरती सनसनी' की आवाज आई, तब किसी को नहीं पता था कि यह शो 21 साल तक रोजाना दर्शकों के बीच इतना लोकप्रिय रहेगा. आज भी यह शो अपनी पुरानी धार और स्टाइल के साथ जारी है.

श्रीवर्धन त्रिवेदी भारतीय टीवी इतिहास में इकलौते ऐसे एंकर हैं, जो 21 साल से लगातार एक ही शो की एंकरिंग कर रहे हैं. उनके नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स
  • इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स
  • वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स
  • वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन

'सनसनी' से मिली अलग पहचान: श्रीवर्धन

श्रीवर्धन त्रिवेदी इलेक्ट्रॉनिक्स में MSc हैं और नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से अभिनय की ट्रेनिंग ली है. उन्होंने टीवी सीरियल्स और फिल्मों में भी काम किया है, लेकिन ‘सनसनी’ ने उन्हें अलग पहचान दी. उनका खास अंदाज, गेटअप और अपराध की कहानियों को बेनकाब करने का तरीका दर्शकों को काफी पसंद आता है.

इस शो ने कई सालों में कई बड़े आपराधिक मामलों को उजागर किया है, जिससे पुलिस और प्रशासन को भी मदद मिली और कई अपराधियों तक सजा पहुंची. 

श्रीवर्धन को ‘विद्या-वाचस्पति’ मानद उपाधि का मिला सम्मान

हाल ही में काशी हिंदी विद्यापीठ ने श्रीवर्धन त्रिवेदी को ‘विद्या-वाचस्पति’ मानद उपाधि से सम्मानित भी किया है. 21 साल तक रोजाना एक ही शो को एंकर करना कोई आसान काम नहीं है. श्रीवर्धन त्रिवेदी ने इस दौरान कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन उनकी मेहनत और समर्पण की वजह से ‘सनसनी’ आज भी दर्शकों का पसंदीदा शो बना हुआ है.

यह उपलब्धि न सिर्फ श्रीवर्धन त्रिवेदी के लिए, बल्कि पूरे भारतीय न्यूज टीवी इंडस्ट्री के लिए गर्व की बात है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.