पेट्रोल और डीजल की कमी पर एचपीसीएल का बयान
बिजनेस डेस्क : पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच, सरकार ने बार-बार यह स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के पर्याप्त भंडार मौजूद हैं। इसके बावजूद, विभिन्न स्थानों से ऐसी खबरें आ रही हैं जो आम जनता में चिंता पैदा कर रही हैं। लोगों को डर है कि इन आवश्यक ईंधनों का स्टॉक जल्द ही खत्म हो सकता है, जिसके चलते पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के बाहर भीड़ देखी जा रही है। इस संदर्भ में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने एक महत्वपूर्ण बयान जारी किया है।
एचपीसीएल ने स्पष्ट किया है कि भारत की ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह से सुरक्षित और स्थिर है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है और सभी फ्यूल स्टेशन सामान्य रूप से कार्यरत हैं।
कंपनी ने पेट्रोल पंपों पर देखी गई भीड़ को गलत जानकारी के कारण बताया। एचपीसीएल ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। घरेलू उत्पादन में वृद्धि और आयात पूरी तरह से सुरक्षित है।
कंपनी ने यह भी कहा कि सभी राज्यों में पेट्रोल और डीजल सामान्य रूप से उपलब्ध हैं और सप्लाई में कोई बाधा नहीं है। भारत का मजबूत रिफाइनिंग नेटवर्क लगातार स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है और कच्चा तेल वैश्विक स्रोतों से नियमित रूप से प्राप्त हो रहा है।
एचपीसीएल के अनुसार, घरेलू उत्पादन में वृद्धि हुई है और आयात भी सुरक्षित है, जिससे मौजूदा मांग को आसानी से पूरा किया जा रहा है। कंपनी ने यह स्पष्ट किया कि पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क का विस्तार देश की स्वच्छ ऊर्जा की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है और इसका मौजूदा ईंधन उपलब्धता से कोई संबंध नहीं है।