जब पहली फिल्म फ्लॉप होने पर दीय मिर्जा को मिला 'पनौती' का टैग, एक्ट्रेस का छलका दर्द
Webdunia Hindi March 29, 2026 05:42 PM

बॉलीवुड की 'ईटरनल ब्यूटी' दीया मिर्जा ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती संघर्षों और फिल्म इंडस्ट्री के दोहरे व्यवहार पर खुलकर बात की है। अभिनेत्री ने खुलासा किया कि उनकी पहली और अब की कल्ट क्लासिक फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' के बॉक्स ऑफिस पर असफल होने के बाद उन्हें इंडस्ट्री में 'पनौती' और 'बदकिस्मत' जैसे कड़वे टैग दिए गए थे।

दीया मिर्जा ने 'इंडियन एक्सप्रेस' को दिए अपने इंटरव्यू में उन दिनों को याद किया जब वह महज 19 साल की थीं। उन्होंने कहा, जब मैंने काम शुरू किया, तो मेरी तुलना ऐश्वर्या राय से की जाती थी। हर कोई मुझे साइन करना चाहता था। लेकिन जैसे ही मेरी एक तथाकथित बड़ी फिल्म (RHTDM) फ्लॉप हुई, सब कुछ बदल गया।

उन्होंने कहा, जो लोग कल तक मुझे काम देने के लिए कतार में खड़े रहते थे, वही अचानक मुझे 'पनौती' और 'बदकिस्मत' समझने लगे। मैंने वह दौर देखा है जब मुझे अच्छी फिल्मों से सिर्फ इसलिए हटा दिया गया क्योंकि मेकर्स को लगा कि मैं फिल्म के लिए अनलकी साबित होऊंगी।

राजकुमार हिरानी को किया था कॉल

दीया के करियर में एक ठहराव आ गया था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने बताया कि कैसे फिल्म 'संजू' उनके लिए 'लाइफ सेवर' बनी। दीया ने याद किया, मुझे पता चला कि राजकुमार हिरानी 'संजू' की कास्टिंग कर रहे हैं। मैंने उनके साथ पहले 'लगे रहो मुन्ना भाई' में काम किया था। मैंने हिम्मत जुटाई और उन्हें कॉल किया। मैंने उनसे कहा— 'प्लीज, मुझे काम दीजिए। मेरे पास कोई काम नहीं है और मैं नए काम की तलाश में हूं। कोई मुझे मौका नहीं दे रहा है। मैं स्क्रीन टेस्ट देने के लिए तैयार हूं, बस आप मुझे एक मौका दीजिए।

राजकुमार हिरानी ने उनकी बात सुनी और रणबीर कपूर व टीम से चर्चा के बाद उन्हें मान्यता दत्त के किरदार के लिए चुना। 'संजू' की सफलता ने दीया के प्रति फिल्म जगत का नजरिया पूरी तरह बदल दिया।

क्यों फ्लॉप हुई थी RHTDM

2001 में रिलीज हुई 'रहना है तेरे दिल में' का बजट करीब 6 करोड़ रुपये था। फिल्म ने भारत में केवल 5.36 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। हालांकि, समय के साथ इस फिल्म के गाने और आर. माधवन व दीया की केमिस्ट्री ने इसे युवाओं के बीच 'कल्ट' बना दिया, लेकिन रिलीज के वक्त इसे एक बड़ी असफलता माना गया था।

आज दीया मिर्जा उस मुकाम पर हैं जहां उनके पास प्रोजेक्ट्स की लंबी कतार है। साल 2026 उनके करियर का सबसे व्यस्त साल होने जा रहा है। वह सनी देओल और अक्षय खन्ना के साथ हाई-प्रोफाइल लीगल थ्रिलर इक्का में नजर आएंगी। इसके अलावा वह वेब सीरीज ऑपरेशन सफेद सागर में दिखेंगी।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.