Dhurandhar 2 की छप्परफाड़ कमाई देख ललचाया पाकिस्तान, ल्यारी के लोग बोले- 'आदित्य धर हमें दें 500 करोड़, तभी बनेंगी सड़कें'
UPUKLive Hindi March 29, 2026 07:42 PM

आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। फिल्म की धुआंधार कमाई रुकने का नाम नहीं ले रही है। महज 10 दिनों के भीतर इस फिल्म ने 1200 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। जहां दुनियाभर में फिल्म का बिजनेस 1226.44 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, वहीं भारत में इसका नेट कलेक्शन 778.77 करोड़ रुपये हो चुका है। शनिवार की छुट्टी का फायदा उठाते हुए फिल्म ने 10वें दिन 62.85 करोड़ रुपये बटोरे। लेकिन इस शानदार सफलता के बीच एक अजीबोगरीब मांग सामने आई है, जिसने सबको हैरान कर दिया है।

ल्यारी के लोगों ने फिल्म की कमाई पर ठोका हक

फिल्म ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ की कहानी पाकिस्तान के ल्यारी इलाके पर आधारित है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे दो गैंग्स की दुश्मनी का फायदा उठाकर ‘हमजा’ वहां अपना राज कायम करता है। अब ल्यारी के असली निवासियों का कहना है कि फिल्म ने उनके इलाके के नाम और वहां के हालातों को बेचकर करोड़ों कमाए हैं। ऐसे में वहां के लोगों ने डायरेक्टर आदित्य धर से फिल्म की कमाई का 70 से 80 फीसदी हिस्सा या कम से कम 500 करोड़ रुपये की मांग की है ताकि उनके शहर की बदहाली दूर हो सके।

आदित्य धर से आधे पैसे की डिमांड

सोशल मीडिया पर ‘कंपैरिजन टीवी’ नाम के एक यूट्यूब चैनल का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ल्यारी के लोग ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की सफलता पर अपनी राय दे रहे हैं। वीडियो में एक शख्स कहता नजर आ रहा है कि यह फिल्म ल्यारी पर बनी एक ‘VIP फिल्म’ है और इसने बहुत पैसा कमाया है, इसलिए अब ल्यारी की सड़कों की किस्मत बदलनी चाहिए। वहीं एक अन्य निवासी ने कहा, “अगर फिल्म ने 1000 करोड़ कमाए हैं, तो 500 करोड़ ल्यारी वालों को मिलने चाहिए। अगर हमें आधी कमाई मिले तो यहाँ की सड़कें बन सकें, क्योंकि खराब रास्तों की वजह से बच्चों के पैरों में दाने निकल आते हैं।”

कमाई का 80% हिस्सा डोनेट करने की अपील

हैरानी की बात यह है कि वहां के लोग इसे अपना हक मान रहे हैं। वीडियो में एक और व्यक्ति कहता है, “भाईजान (आदित्य धर) दे दें! हम बहुत डिमांड कर रहे हैं लेकिन ल्यारी की आवाम को कुछ मिल नहीं रहा।” जब उनसे पूछा गया कि कितना हिस्सा मिलना चाहिए, तो जवाब मिला कि कम से कम 70% से 80% पैसा डोनेट करना चाहिए क्योंकि फिल्म की पूरी इनकम ल्यारी के नाम और वहां की स्थिति का इस्तेमाल करके ही हुई है।

‘धुरंधर 2’ का अब तक का कलेक्शन ग्राफ

फिल्म की रफ्तार बॉक्स ऑफिस पर किसी बुलेट ट्रेन जैसी है। यहाँ देखें फिल्म के अब तक के आंकड़े:

दिन कलेक्शन (करोड़ में)
Day 0 (बुधवार) ₹43.00
Day 1 (गुरुवार) ₹102.55
Day 2 (शुक्रवार) ₹80.72
Day 3 (शनिवार) ₹113.00
Day 4 (रविवार) ₹114.85
Day 5 (सोमवार) ₹65.00
Day 6 (मंगलवार) ₹56.60
Day 7 (बुधवार) ₹48.75
Day 8 (गुरुवार) ₹49.70
Day 9 (शुक्रवार) ₹41.75
Day 10 (शनिवार) ₹62.85
कुल कलेक्शन ₹778.77 करोड़ (भारत नेट)
भारतीय फैंस ने जमकर लिए मजे

जैसे ही यह वीडियो भारत में वायरल हुआ, सोशल मीडिया यूजर्स ने ल्यारी के लोगों को ट्रोल करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “ऐसा लग रहा है जैसे ल्यारी के लोग अपनी सरकार से नहीं बल्कि आदित्य धर से विकास की उम्मीद लगाए बैठे हैं।” वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा, “आदित्य धर को अब ल्यारी में अपने नाम की सड़क बनवानी चाहिए।” कुछ यूजर्स ने इस मांग को ‘बेहद शर्मनाक’ और ‘हास्यास्पद’ करार दिया है।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.