गानों में एक्सपेरिमेंट करना बेहद पसंद है, इसलिए 'टच बडी' मेरे दिल के करीब: पवन सिंह
Samachar Nama Hindi March 29, 2026 08:42 PM

मुंबई, 29 मार्च (आईएएनएस)। भोजपुरी अभिनेता और सिंगर पवन सिंह अपने नए गाने 'टच बडी' को लेकर काफी चर्चा में हैं। यह गाना अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की आने वाली फिल्म 'डकैत' का हिस्सा है। इस गाने को लेकर पवन सिंह ने कहा कि उन्हें इमोशंस और एनर्जी दिखाने के लिए म्यूजिक में एक्सपेरिमेंट करना काफी पसंद है।

पवन सिंह ने कहा, ''मुझे अपने म्यूजिक में एक्सपेरिमेंट करना बेहद पसंद है। जब अदिवि शेष ने मुझे इस गाने का ऑफर दिया, तो मुझे समझ आ गया कि इस एक्शन और इंटेंस फिल्म के लिए वह किस तरह की एनर्जी लाना चाहते हैं। इस गाने में काम करना मेरे लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा। शूटिंग के दौरान मैंने जो मस्ती और एनर्जी महसूस की, उससे मुझे पूरा भरोसा है कि दर्शक भी वही एनर्जी महसूस करेंगे। यह गाना मेरे दिल के बेहद करीब है।''

अदिवि शेष ने भी गाने के लॉन्च के दौरान अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, "इस गाने के चारों ओर की एनर्जी पहले दिन से ही शानदार रही है। जब मैं और पवन सिंह गोरखपुर गए और वहां के फैंस के साथ गाने का प्रमोशन किया, तो यह अनुभव मेरे लिए यादगार बन गया। वहां के लोगों का प्यार और अपनापन बहुत ही खास था। फैंस ने गाने के हर बीट पर जो उत्साह दिखाया, वह शब्दों में बयां करना मुश्किल है।"

'टच बडी' गाने में पवन सिंह के साथ जोनिता गांधी ने भी अपनी आवाज दी है। इस गाने के बोल प्रसिद्ध गीतकार वायु श्रीवास्तव ने लिखे हैं और इसका संगीत भीम्स सेसीरोलियो ने तैयार किया है। इस गाने को हिंदी के साथ-साथ तेलुगु में भी शूट किया गया है।

फिल्म 'डकैत' को सुप्रिया यारलागड्डा ने प्रोड्यूस किया है और सुनील नारंग इसके को‑प्रोड्यूसर हैं। फिल्म को अन्नपूर्णा स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत किया गया है। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

--आईएएनएस

पीके/वीसी

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.