बंगाल चुनाव से पहले कई गणमान्य हस्ती भाजपा में शामिल, लॉकेट चटर्जी ने दी जानकारी
Samachar Nama Hindi March 29, 2026 10:42 PM

कोलकाता, 29 मार्च (आईएएनएस)। पूर्व सांसद एवं भाजपा पश्चिम बंगाल की महासचिव लॉकेट चटर्जी ने रविवार को विशिष्ट व्यक्तित्वों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की जानकारी दी।

भाजपा साल्ट लेक कार्यालय पर मीडिया को संबोधित कर रहीं लॉकेट चटर्जी ने कहा कि राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व भाजपा में शामिल हुए हैं। भाजपा जॉइन करने वालों में 23 वर्षों तक उखरा आदर्श हिंदी हाई स्कूल के प्राचार्य रहे प्रवीण कुमार सिंह शामिल हैं, जिन्हें भारत विद्या रत्न अवॉर्ड (2017), ज्वेल ऑफ इंडिया अवॉर्ड (2018), मदर टेरेसा सद्भावना अवॉर्ड (2018) तथा डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड (2019) से सम्मानित किया जा चुका है।

इसके अलावा कामदुनी कांड के विरोध प्रदर्शन में एक प्रमुख चेहरा रहीं तुम्पा कायल, सेवानिवृत्त संयुक्त सहायक निदेशक (आईबी) एवं पूर्व सहायक पुलिस आयुक्त सरबरी भट्टाचार्य ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भट्टाचार्य को राष्ट्रपति पुरस्कार, इंडियन पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस तथा अमेरिकन कॉन्सुलेट द्वारा जनरल ट्रू लीजेंड अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

लॉकेट चटर्जी ने आगे कहा कि राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार और अराजकता का एकमात्र समाधान भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने में विफल रही है, जिसके कारण समाज का शिक्षित एवं बुद्धिजीवी वर्ग भाजपा के साथ जुड़ रहा है।

--आईएएनएस

एमएस/

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.