अक्सर विवादों में रहने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और पावरलिफ्टर रजत दलाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार किसी विवाद की वजह से नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी की नई शुरुआत को लेकर। 'बिग बॉस 18' और रियलिटी शो 'द 50' में अपने बेबाक अंदाज से पहचान बनाने वाले रजत दलाल शादी के बंधन में बंध गए हैं।
रजत दलाल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर शादी की तस्वीरें साझा कर फैंस को एक बड़ा सरप्राइज दिया है।उन्होंने उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा नदी के पावन तट पर सात फेरे लिए। तस्वीरों में रजत सफेद और ऑफ-व्हाइट रंग की शाही शेरवानी में नजर आ रहे हैं, वहीं उनकी दुल्हन लाल रंग के भारी कसीदेकारी वाले लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही हैं।
A post shared by Rajat Dalal (@rajat_9629)
बैकग्राउंड में बहती गंगा और ढलते सूरज ने इस शादी को एक 'फेयरीटेल' लुक दिया। शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद हर कोई यह जानने को बेताब है कि आखिर रजत दलाल की दुल्हनिया कौन हैं? रजत ने अब तक अपनी पत्नी के नाम या उनकी पहचान का खुलासा नहीं किया है।
उन्होंने अपनी पोस्ट के कैप्शन में बस इतना लिखा, 'जीवन के एक नए पहलू की शुरुआत।' हालांकि, खबरों की मानें तो उनकी पत्नी एक गैर-फिल्मी बैकग्राउंड से आती हैं और वे लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे।
रजत की शादी की खबर मिलते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया। उनके शो 'द 50' के को-स्टार्स और दोस्तों ने कमेंट कर बधाई दी। निक्की तंबोली ने लिखा, "बधाई हो रजत! तुम्हारे लिए बहुत खुश हूँ।" मिस्टर फैजू ने कमेंट किया, "बहुत-बहुत मुबारक मेरे भाई।" उर्वशी ढोलकिया और कशिश कपूर ने भी इस सरप्राइज पर हैरानी जताते हुए कपल को शुभकामनाएं दीं।
'बिग बॉस 18' के दौरान रजत दलाल और उनकी को-कंटेस्टेंट चाहत पांडे के बीच बढ़ती नजदीकियों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। फैंस उन्हें 'राहत' (Rajat + Chahat) नाम से बुलाने लगे थे। लेकिन शो से बाहर आने के बाद रजत ने स्पष्ट कर दिया था कि वे एक-दूसरे के सिर्फ अच्छे दोस्त हैं।