IPL 2026 का रोमांच जारी है. लेकिन, इसी बीच इंडियन प्रीमियर लीग के ब्राडकास्ट से जुड़े एक ब्रिटिश नागरिक की मौत हो गई है. उनका शव उनके होटल के कमरे में मिलने से हड़कंप मच गया है. होटल रूम में मृत पाए गए ब्रिटिश नागरिक की पहचान इयान विलियम्स लैंगफोर्ड के तौर पर हुई है, जो कि BCCI के लिए ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे थे. इयान विलियम्स लैंगफोर्ड 24 मार्च से IPL कवर करने के लिए मुंबई के होटल में रुके थे.
29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला खत्म होने के बाद इयान विलियम्स लैंगफोर्ड अपने कमरे में लौट आए. वो मुंबई के होटल के कमरा नंबर 2715 में रुके थे. 30 मार्च को जब होटल के रिसेप्शनिस्ट ने उनके कमरे पर फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद होटल स्टाफ उन्हें चेक करने के लिए उनके कमरे में गया.
होटल स्टाफ ने इयान के कमरे का दरवाजा खटखटाया. अंदर से जब कोई रिएक्शन नहीं आया तो उसने मास्टर चाबी से कमरे का दरवाजा खोला और फिर जो दिखा उसके बाद आंखें फटी की फटी रह गई. IPL प्रसारण से जुड़े ब्रिटिश नागरिक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड का शव फर्श पर पड़ा था. होटल के डॉक्टर ने आकर इयान कि जांच की, जिसने उन्हें मरा हुआ घोषित कर दिया.
इयान विलियम्स लैंगफोर्ड की मौत को लेकर मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब ये पता लगाने कि कोशिश करेगी कि होटल के कमरे में इयान के साथ क्या हुआ?
वानखेड़े पर मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले मुकाबले की बात करें तो वो हाई स्कोरिंग रहा था. उस मुकाबले में KKR ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 219 रन बनाए थे. जवाब में मुंबई ने 220 रन का टारगेट 5 गेंद पहले ही चेज कर लिया था.