IPL 2026: दो साल तक नहीं मिला मौका, अब खुली इस खिलाड़ी की किस्मत, गुजरात टाइटंस के लिए किया डेब्यू
Sanjeev Kumar March 31, 2026 11:24 PM

आईपीएल में कब किस खिलाड़ी की किस्मत खुल जाए, कहा नहीं जा सकता. कई बार घरेलू क्रिकेट से आए अनजान खिलाड़ी आते ही अपनी छाप छोड़ देते हैं. वहीं कभी-कभी इंटरनेशनल क्रिकेट के मशहूर खिलाड़ियों को भी इस लीग में नहीं खरीदा जाता और अगर खरीदा भी जाए तो उन्हें खेलने का मौका नहीं मिल पाता. कुछ ऐसी ही कहानी न्यूजीलैंड के एक स्टार खिलाड़ी की भी है, जिसे लगातार 2 सीजन तक बेंच पर बैठा रहना पड़ा और अब 3 साल बाद खेलने का मौका मिला है. ये खिलाड़ी हैं स्टार ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स, जिन्होंने IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू किया.

दो साल से फिलिप्स कर रहे थे इंतजार

मुल्लांपुर में आईपीएल 2026 के चौथे मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने ग्लेन फिलिप्स को प्लेइंग-11 में मौका दिया. इस मैच में टॉस हारने के बाद गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने इसका ऐलान किया. इसके साथ ही फिलिप्स को 3 साल के बाद पहली बार किसी मैच में खेलने का मौका मिला. उनका पिछला मैच आईपीएल 2023 में आया था. तब वो SRH के लिए खेलते थे. हालांकि इसके बाद SRH ने उन्हें 2024 के पूरे सीजन में बेंच पर ही बैठाकर रखा था और वो कोई मैच नहीं खेल पाए थे.

जहां न्यूजीलैंड की टीम में फिलिप्स नियमित खिलाड़ी के तौर पर खेलते रहे, वहीं आईपीएल उन्हें मौके नहीं मिले, जिसने हर किसी को हैरान किया. फिलिप्स को आईपीएल 2025 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था. हालांकि गुजरात के लिए भी वो कोई मैच नहीं खेल पाए थे क्योंकि सीजन शुरू होने के 2 हफ्तों के अंदर ही वो फील्डिंग करते हुए चोटिल हो गए और टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे.

ऐसा है कीवी ऑलराउंडर का IPL करियर

मगर अब आखिरकार कीवी खिलाड़ी का इंतजार खत्म हो गया है. फिलिप्स ने 2021 में IPL में अपना डेब्यू किया था. तब वो राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे. उन्होंने उस सीजन में 3 मैच खेले थे और सिर्फ 26 रन ही बना सके थे. वहीं आईपीएल 2023 में सनराइजर्स के लिए उन्होंने 5 मैच खेले थे और 39 रन ही बना सके थे. ऐसे में अब जबकि उन्हें फिर से मौका मिला है, फिलिप्स अपने इस प्रदर्शन को सुधारने की उम्मीद करेंगे. अगर वो गुजरात के लिए अपने डेब्यू मैच में ही कमाल कर पाते हैं तो पूरे सीजन में उन्हें मौका मिलना तय है.

गुजरात टाइटंस की प्लेइंग-11

शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जॉस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा और मोहम्मद सिराज.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.