Balwinder Singh Interview: बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने न केवल अपनी कहानी और एक्शन से लोगों का दिल जीता है, बल्कि रणवीर सिंह के लुक ने भी हर किसी को हैरान कर दिया है. खासकर फिल्म के क्लाइमेक्स में रणवीर सिंह की गुलाबी पगड़ी और बीच फिल्म में नजर आए उनके बलुची लुक की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि रणवीर सिंह को यह खास लुक देने के पीछे किसका हाथ है?
अमृतसर के मशहूर टर्बन आर्टिस्ट बलविंदर सिंह, जिन्होंने ‘धुरंधर‘ के सेट पर रणवीर सिंह और बाकी एक्टर्स के सिर पर वो यादगार पगड़ियां बांधीं. टीवी9 हिंदी डिजिटल के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में बलविंदर ने साझा किए शूटिंग के कुछ दिलचस्प किस्से और बताया कि कैसे उन्होंने बिना पाकिस्तान जाए ‘बलुची पगड़ी’ का हुनर सीखा.
सवाल: बलविंदर, फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह का ‘पिंक टर्बन’ लुक काफी वायरल हो रहा है. उस सीन और उस पगड़ी के पीछे की क्या कहानी है?बलविंदर सिंह का जवाब: जी, वो सीन वाकई बहुत इमोशनल था. जब रणवीर सिंह का किरदार सब कुछ तहस-नहस करके वापस अपने घर लौटता है, तो वो बेबी पिंक रंग की पगड़ी पहनता है. इसकी शूटिंग हमने पटियाला और हरियाणा के बॉर्डर पर बसे मखमेलपुर पिंड की एक हवेली में की थी. वहां रणवीर सर को तैयार करना एक अलग अनुभव था. वो पगड़ी करीब 12-13 मिनट में बांधी गई थी.
सवाल: कई लोग कह रहे हैं कि रणवीर का ये लुक आमिर खान की ‘लाल सिंह चड्ढा’ जैसा लग रहा है. क्या आपने उससे ही प्रेरित होकर रणवीर की पगड़ी को ये लुक दिया था?
View this post on Instagram
A post shared by Balwinder Singh (@pagripride)
बलविंदर सिंह का जवाब: (मुस्कुराते हुए) सच कहूं तो जब मैंने पहली बार लुक देखा, तो मुझे भी आमिर खान सर की याद आई थी क्योंकि पगड़ी का रंग और स्टाइल काफी हद तक वैसा ही था. मुझे लगा कहीं हम कॉपी तो नहीं कर रहे? लेकिन जब फिल्म देखी और सीन की गहराई समझी, तो पता चला कि यह बिल्कुल अलग है. दरअसल ये लुक फिल्म की कॉस्ट्यूम डिजाइनर स्मृति चौहान मैम का विजन था. लेकिन अगर आप सही से देखें तो दोनों पगड़ियों को बांधने का तरीका बिल्कुल अलग है.
सवाल: फिल्म में रणवीर सिंह ने ‘बलुची पगड़ी’ भी पहनी है. आप तो सिख और मारवाड़ी पगड़ी बांधने के एक्सपर्ट हैं, तो बलुची स्टाइल कैसे सीखा?बलविंदर सिंह का जवाब: ये मेरे लिए सबसे बड़ी चुनौती थी. मेरा पेशा सिख पगड़ी और शादियों में साफा बांधने का है. स्मृति मैम ने मुझे एक फोटो भेजा और पूछा कि क्या तुम ये बांध सकते हो? मैंने कहा कोशिश कर सकता हूं. अब बलुची पगड़ी सीखने के लिए हम पाकिस्तान या बलूचिस्तान तो जा नहीं सकते थे! तो मैंने इंटरनेट पर वीडियो देखे. मैंने 5-6 बार अपने सिर पर वो 15-16 मीटर लंबी पगड़ी बांधकर प्रैक्टिस की. फिर अपने भाई के सिर पर बांधी और हद तो तब हो गई जब मैंने अपनी पत्नी के सिर पर भी वो पगड़ी बांधकर ट्रायल लिया ताकि मैं परफेक्ट हो जाऊं.
सवाल: रणवीर सिंह के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा? क्या वो सेट पर आपकी बात सुनते थे?
बलविंदर सिंह का जवाब: रणवीर सर बहुत ही ‘डाउन टू अर्थ’ इंसान हैं. वो खुद सिख परिवार से ताल्लुक रखते हैं, इसलिए उनके मन में पगड़ी और सरदारों के लिए बहुत सम्मान है. वो मुझे ‘भाई’ कहकर बुलाते थे. एक बार उन्होंने मुझसे पूछा, “भाई, पगड़ी बांधने में कितना वक्त लगता है?” मैंने कहा कि अगर जल्दी हो तो 5-7 मिनट, लेकिन अगर प्यार और फिनिशिंग से बांधें तो 15 मिनट. वो बहुत धैर्य के साथ बैठते थे.
सवाल: सुना है शूटिंग के दौरान आपकी तबीयत खराब हो गई थी और रणवीर सिंह ने आपकी काफी फिक्र की?बलविंदर सिंह का जवाब: हां, वो पल मैं कभी नहीं भूल सकता. शूटिंग के दौरान एक दिन नाश्ता करने के बाद जब हम सेट पर जा रहे थे, तो मुझे अचानक उल्टियां होने लगीं. मुझे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. अगले दिन जब मैं सेट पर लौटा, तो रणवीर सर खुद मेरे पास आए, मेरा हाथ थामा, मुझे गले लगाया और पूछा- “भाई, अब ठीक हो? मौसम खराब है, अपना ख्याल रखा करो.” एक सुपरस्टार का एक छोटे आर्टिस्ट का इस तरह हाल पूछना मेरे लिए बहुत गर्व की बात थी.
सवाल: सोशल मीडिया पर कुछ विजुअल्स वायरल हो रहे हैं, जिनमें रणवीर पगड़ी पहनकर सिगरेट पीते दिख रहे हैं. इसमें कितनी सच्चाई है?
View this post on Instagram
A post shared by Balwinder Singh (@pagripride)
बलविंदर सिंह का जवाब: देखिए, मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि ये सब झूठ है. मैं पूरी शूटिंग के दौरान रणवीर सर के साथ साये की तरह रहता था. पगड़ी बांधने से लेकर उसे खोलने तक, हर पल मैं वहीं मौजूद था. पूरी शूटिंग के दौरान ऐसी एक भी घटना नहीं हुई जहां उन्होंने सिगरेट पी हो या किसी ऐसी चीज का सेवन किया हो जो सिख धर्म में वर्जित है. रणवीर सर ने पगड़ी की मर्यादा का पूरा सम्मान किया.
सवाल: आदित्य धर के डायरेक्शन और सेट के माहौल के बारे में कुछ बताएं?बलविंदर सिंह का जवाब: आदित्य धर सर खुद पंजाबी हैं, इसलिए वो छोटी-छोटी बारीकियों पर ध्यान देते थे. सेट पर वो रणवीर को गाइड करते थे और रणवीर सर भी पूरी तरह ‘डायरेक्टर्स एक्टर’ की तरह काम करते थे. फिल्म की कुछ शूटिंग अमृतसर और आसपास हुई है, लेकिन पर्दे पर देखकर यकीन नहीं होता कि ये वही जगह है.
सवाल: बॉलीवुड में और कौन सा ऐसा एक्टर है, जिसे आप पगड़ी पहनाना चाहते हैं?बलविंदर सिंह का जवाब: अक्षय कुमार! उनका जो ‘केसरी’ वाला लुक था, वो मुझे बहुत पसंद आया था. मैं चाहूंगा कि कभी उन्हें भी अपने हाथों से पगड़ी पहनाऊं.
इनपुट : भारती दुबे