अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर बंगाल के मतदाता सूची में हेरफेर का गंभीर आरोप लगाया
Samachar Nama Hindi April 01, 2026 02:42 AM

कोलकाता, 31 मार्च (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को भाजपा पर वोटर लिस्ट में हेराफेरी का गंभीर आरोप लगाया है।

अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, "भाजपा ने वोटर लिस्ट में हेराफेरी करने की गंदी कला में महारत हासिल कर ली है। उन्होंने दिल्ली और महाराष्ट्र में इसकी 'वार्म-अप' प्रैक्टिस की। अब वे बंगाल में असली मैच खेल रहे हैं।"

उन्होंने आंकड़े देते हुए कहा कि महाराष्ट्र में पिछले 5 सालों में 43,84,814 वोटर जोड़े गए, जबकि सिर्फ 5 महीनों में 40,81,229 अतिरिक्त वोटर जोड़ दिए गए। दिल्ली में 4 सालों में 4,16,648 वोटर बढ़े, लेकिन मात्र 7 महीनों में 3,99,362 और वोटर जोड़ दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि असली धांधली ईवीएम में नहीं, बल्कि वोटर लिस्ट में होती है, और अब यही बंगाल में हो रहा है।

अभिषेक बनर्जी ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) के दफ्तर में फर्जी 'फॉर्म-6' आवेदनों से भरे कार्टन खुलेआम जमा किए जा रहे हैं और तीसरी मंजिल पर ढेर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार और उत्तर प्रदेश से वोटरों को गैर-कानूनी तरीके से बंगाल की वोटर लिस्ट में शामिल करने की साजिश रची जा रही है।

उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग के नियमों में कहीं भी फॉर्म-6 को बल्क में जमा करने की इजाजत नहीं है। एक व्यक्ति अधिकतम 50 आवेदन ही जमा कर सकता है। फिर भी यहां मुट्ठी भर लोग हजारों फॉर्म जमा कर रहे हैं। यह नियमों का खुला उल्लंघन है और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया पर सीधा हमला है।"

अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आयोग इस साजिश को रोकने के बजाय घुटने टेक रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का नारा 'पल्टनो दरकार' असल में 'वोटर लिस्ट पल्टनो दरकार' है और 'पोरिबोरतोन' (बदलाव) का मतलब 'डेमोग्राफिक पोरिबोरतोन' (जनसांख्यिकीय बदलाव) है। उनका आरोप है कि भाजपा बंगाल के मूल वोटरों को हटाकर अन्य राज्यों से वोटर लाकर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है।

यह विवाद पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले गरमा गया है। तृणमूल कांग्रेस ने मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया, जिसमें टीएमसी समर्थित ब्लॉक लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और पुलिस के बीच झड़प की खबरें आई हैं।

भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है और कहा है कि तृणमूल कांग्रेस हार का बहाना तैयार कर रही है। पार्टी का कहना है कि वोटर लिस्ट का विशेष संशोधन (एसआईआर) पूरी पारदर्शिता के साथ हो रहा है और सभी प्रक्रियाएं चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार चल रही हैं।

--आईएएनएस

एससीएच

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.