Arshdeep Singh Bowled The Longest Over In IPL History: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस की टीमें बीती रात यानी 31 मार्च को भिड़ी. इस मुकाबले में पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का नाम आईपीएल के एक अनचाहे रिकॉर्ड लिस्ट से जुड़ गया है. उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक ओवर को पूरा करने के लिए 11 गेंदें फेंकी. इसी के साथ अर्शदीप आईपीएल के इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे लंबा ओवर फेंकने वाले गेंदबाज बन गए हैं. अर्शदीप इस लीग के इतिहास के छठे ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने एक ओवर पूरा करने के लिए 11 गेंदें फेंकी हैं. अर्शदीप से पहले 5 अन्य गेंदबाज ऐसा कारनामा कर चुके हैं.
अर्शदीप सिंह ने एक ओवर में फेंके 11 गेंदे
मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अर्शदीप सिंह ने गुजरात टाइटंस की पारी के 20वें ओवर में कुल 11 गेंदें फेंकी. गुजरात 19 ओवरों के खेल तक 6 विकेट के नुकसान पर 150 रन बना चुकी थी. आखिरी ओवर के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंद अर्शदीप को थमाई और उन्होंने ओवर की पहली ही गेंद वाइड फेंकी. इसके बाद अगली दो लीगल डिलीवरी पर राहुल तेवतिया कोई रन नहीं बना पाए. ओवर की तीसरी गेंद पर तेवतिया ने चौका लगाया. फिर अर्शदीप ने इसके बाद एक नो-बॉल और दो वाइड फेंकी. ओवर की चौथी लीगल डिलीवरी डॉट रही. पांचवीं गेंद पर तेवतिया ने एक रन लिया, लेकिन अगली ही गेंद अर्शदीप ने वाइड फेंक दी. आखिरकार, राशिद खान को फेंकी गेंद इस ओवर की अंतिम गेंद साबित हुई. बता दें, अर्शदीप सिंह से मोहम्मद सिराज (साल 2023), तुषार देशपांडे (साल 2023), शार्दुल ठाकुर (साल 2025), संदीप शर्मा (साल 2025) और हार्दिक पंड्या (साल 2025) एक ही ओवर में 11 गेंदें फेंक चुके हैं.
पंजाब किंग्स ने जीत से किया आईपीएल 2026 का आगाज
पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए मुकाबले की बात करें, तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने 6 विकेट के नुकसान पर 162 रन बना पाई. कप्तान शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 39 रन की पारी खेली, जबकि जोस बटलर ने टीम के खाते में 38 रन का योगदान दिया. इनके अलावा, ग्लेन फिलिप्स ने 25 रन टीम के खाते में जोड़ पाए. पंजाब किंग्स की तरफ से विजयकुमार वैशाक ने 3 विकेट अपने नाम किए. युजवेंद्र चहल को 2 विकेट और मार्को जानसेन को 1 विकेट मिला. पंजाब किंग्स ने गुजरात द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा 5 गेंदें रहते ही कर लिया. कूपर कोनोली इस जीत के हीरो रहे, जिन्होंने नाबाद 72 रन की बेहतरीन पारी खेली.