आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा में बड़ा बदलाव करते हुए राघव चड्ढा की जगह अशोक कुमार मित्तल को डिप्टी लीडर बनाया गया है। इस फैसले पर राघव ने सवाल उठाए तो आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी उन पर पलटवार करते हुए कहा कि कोई मोदी से डर जाए तो लड़ेगा क्या देश के लिए? ALSO READ: ‘खामोश करवाया गया हूं’: राघव चड्ढा का बड़ा बयान, AAP के फैसले पर उठाए सवाल ढांडा का राघव चड्ढा पर बड़ा आरोप
अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, हम केजरीवाल के सिपाही हैं। निडरता पहली पहचान है हमारी। कोई मोदी से डर जाए तो लड़ेगा क्या देश के लिए? संसद में थोड़ा सा समय मिलता है बोलने का पार्टी को, उसमें या तो देश बचाने का संघर्ष कर सकते हैं या एयरपोर्ट कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने का।
उन्होंने कहा कि गुजरात में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता बीजेपी की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए, क्या सांसद साहब सदन में कुछ बोले? पश्चिम बंगाल में वोट का अधिकार छीना जा रहा है। सदन में प्रस्ताव आया CEC के खिलाफ तो भाई साहब ने साइन करने से मना कर दिया। पार्टी ने सदन से वाकआउट किया तो मोदी जी की हाज़िरी लगाने के लिए बैठे रहते हैं।
आप नेता ने कहा कि पिछले कुछ सालों से तुम डर गए हो राघव। मोदी के खिलाफ बोलने से घबराते हो। देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो। जो डर गया वो…
वरिष्ठ आप नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भी एक्स पर एक वीडियो शेयर कर कहा, अभी तुम्हारा वीडियो देखा राघव भाई। केवल यह कहना चाहता हूं- जो डर गया, समझो मर गया।
गौरतलब है कि राघव चड्ढा 2022 में पंजाब से राज्यसभा सांसद चुने गए थे। उन्होंने उपनेता पद से हटाए जाने के बाद अपने वीडियो संदेश में कहा था कि खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह आम आदमी के मुद्दों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
edited by : Nrapendra Gupta