Etawah News: उत्तर प्रदेश में इटावा के सैफई क्षेत्र के नंदपुर गांव में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक ड्रोन गेहूं के खेत में गिरा. अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों में डर फैल गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. शुरुआती जांच में यह ड्रोन एक टेस्टिंग ड्रोन बताया जा रहा है, जो तकनीकी खराबी के कारण गिर गया.
सैफई थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव में शाम के समय लोग अपने-अपने काम में लगे थे, तभी अचानक खेत में एक बड़े ड्रोन गिरा दिखाई दिया. ड्रोन को देखकर ग्रामीण घबरा गए. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मौके पर भारी पुलिस फोर्स पहुंचीघटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया और किसी को भी ड्रोन के पास जाने से रोक दिया गया. इसके बाद अधिकारियों ने ड्रोन की जांच शुरू की और आसपास मौजूद लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई.
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया है. तकनीकी टीम द्वारा इसकी बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रोन किस कारण से गिरा. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही.
ये भी पढ़ें: प्रेमी से कराई फौजी पति की हत्या, सोना गिरवी रख खरीदा तमंचा; मेरठ की एक और मुस्कान का खूनी खेल
लोगों में दहशतहाल के दिनों में मिडिल ईस्ट में हो रहे ड्रोन हमलों की खबरों के चलते ग्रामीणों में पहले से ही डर का माहौल बना हुआ है. ऐसे में अचानक खेत में इस तरह का ड्रोन गिरने से लोगों में दहशत फैल गई और तरह-तरह की आशंकाएं जताई जाने लगीं. कुछ लोगों ने इसे गंभीर सुरक्षा खतरे से भी जोड़कर देखा.
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और स्पष्ट किया कि यह कोई सुरक्षा से जुड़ा मामला नहीं है. प्रशासन ने सभी अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक सामान्य तकनीकी घटना बताया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की.