बरेली में चोर की चालाकी फेल, सबूत मिटाने को निगला ब्रेसलेट; 3 दिन बाद पुलिस ने ऐसे किया बरामद
TV9 Bharatvarsh April 04, 2026 02:43 AM

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक चोर की चालाकी आखिरकार पुलिस के सामने ज्यादा देर तक नहीं चल सकी. चोरी के दौरान सबूत मिटाने के लिए उसने चांदी का ब्रेसलेट निगल लिया, लेकिन पुलिस और डॉक्टरों की समझदारी से वह बरामद कर लिया गया. यह पूरा मामला बारादरी थाना क्षेत्र का है, जहां सिकंदर उर्फ छोटू नाम का आरोपी तीन दिन तक पुलिस को परेशान करता रहा.

चोरी के बाद निगल लिया ब्रेसलेट

दरअसल, थाना बारादरी क्षेत्र के हजियापुर का रहने वाला सिकंदर अपने साथी मुकेश के साथ एक घर में चोरी करने घुसा था. दोनों छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और वहां से एक बुलेट बाइक और मालिक के हाथ का करीब 42 ग्राम का चांदी का ब्रेसलेट चोरी कर लिया. घर में लगे CCTV कैमरे में उनकी हरकत रिकॉर्ड हो गई. हालांकि चेहरे साफ नहीं दिख रहे थे, फिर भी पुलिस ने तकनीक की मदद से आरोपियों तक पहुंच बना ली.

ये भी पढ़ें- नाई की दुकान में साजिश, रेलवे सिग्नल बॉक्स उड़ाने से पहले 4 अरेस्ट; UP ATS ने कैसे आंतकी मॉड्यूल को तोड़ा?

जब पुलिस ने सिकंदर को पकड़ा तो उसने चालाकी दिखाते हुए ब्रेसलेट निगल लिया, ताकि उसके खिलाफ कोई पुख्ता सबूत न मिले. उसे लगा कि बिना बरामदगी के पुलिस उसका कुछ नहीं कर पाएगी, लेकिन पुलिस ने हार नहीं मानी और उसे अस्पताल ले जाकर एक्स-रे कराया. जांच में साफ हो गया कि ब्रेसलेट उसके पेट में ही है.

पुलिस और डॉक्टरों की योजना से मिली सफलता

डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि ब्रेसलेट को ऑपरेशन के बजाय प्राकृतिक तरीके से निकाला जा सकता है. इसके लिए जरूरी था कि आरोपी शौच करे, लेकिन सिकंदर भी कम चालाक नहीं था. वह लगातार दो दिन तक शौच जाने से बचता रहा. पुलिस ने उसे उसकी पसंद का खाना भी दिया, ताकि वह जल्दी शौच जाए, लेकिन वह टालता रहा.

आखिरकार पुलिस ने नया तरीका अपनाया. पहले उसे जेल भेजा गया और फिर कोर्ट को जानकारी देकर दोबारा जिला अस्पताल लाया गया. वहां डॉक्टर की सलाह पर उसे पेट साफ करने की दवा दी गई. दवा का असर जल्दी हुआ और करीब आधे घंटे बाद उसे शौच की जरूरत महसूस हुई.

पुलिस उसे अस्पताल के एकांत स्थान पर ले गई, जहां सफाईकर्मी की मदद से शौच के दौरान ब्रेसलेट बरामद कर लिया गया. इसके बाद ब्रेसलेट को अच्छी तरह साफ करके सबूत के तौर पर मालखाने में जमा कर दिया गया.

पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था सिकंदर

इस पूरी घटना में साफ दिखा कि आरोपी कितना शातिर था और वह कैसे पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और डॉक्टरों की मदद से आखिरकार सच्चाई सामने आ ही गई. अब सिकंदर के खिलाफ पहले से मौजूद वीडियो साक्ष्य और बरामद ब्रेसलेट के आधार पर उसे सख्त सजा दिलाने की तैयारी की जा रही है. वहीं पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चाहे जितनी भी चालाकी कर ले, कानून से बच नहीं सकता.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.