कई लोगों को अक्सर रात में ठीक से नींद नहीं आती. कुछ लोग देर तक करवटें बदलते रहते हैं, तो कुछ बार-बार नींद खुलने की समस्या से परेशान रहते हैं. सुबह उठने पर थकान महसूस होना, सिर भारी रहना, चिड़चिड़ापन और दिनभर आलस रहना इसके सामान्य संकेत हो सकते हैं. कई बार लोगों को सोने के बाद भी गहरी नींद नहीं मिलती, जिससे शरीर को पूरा आराम नहीं मिल पाता. धीरे-धीरे यह समस्या ध्यान और काम करने की क्षमता को भी प्रभावित करने लगती है. कुछ लोगों में भूलने की आदत बढ़ना, मूड स्विंग होना और छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना भी इसके संकेत हो सकते हैं. कई बार आंखों में जलन, सिर दर्द और दिनभर सुस्ती महसूस होना भी खराब नींद की ओर इशारा करता है.
कई लोग इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह शरीर और दिमाग दोनों पर असर डाल सकता है. इसके पीछे हमारी रोजमर्रा की कुछ गलतियां जिम्मेदार हो सकती हैं, जो धीरे-धीरे नींद की गुणवत्ता को खराब कर देती हैं. अगर समय रहते इन संकेतों को समझकर ध्यान न दिया जाए, तो यह समस्या बढ़ सकती है और सेहत पर भी असर डाल सकती है. ऐसे में जरूरी है कि अपनी दिनचर्या और आदतों पर ध्यान दिया जाए. आइए जानते हैं कि रात को सोने से पहले कौन सी गलतियां न करें, जिससे नींद बेहतर हो सके.
रात को सोने से पहले कौन सी गलतियां न करें?दिल्ली एमसीडी में डॉ. अजय कुमार बताते हैं कि रात को सोने से पहले कुछ आदतों को सुधारना बहुत जरूरी होता है जैसे सोने का समय तय न होना, देर रात तक जागना या रोजाना अलग-अलग समय पर सोना नींद के पैटर्न को बिगाड़ सकता है. इसके अलावा सोने से ठीक पहले भारी खाना खाना भी परेशानी बढ़ा सकता है. शरीर को खाना पचाने में समय लगता है, जिससे नींद प्रभावित होती है.
कई लोग दिनभर की थकान के बावजूद सोने से पहले दिमाग को आराम नहीं देते, जिससे दिमाग एक्टिव बना रहता है. इसी वजह से नींद आने में देर होती है. अगर इन छोटी-छोटी बातों पर ध्यान दिया जाए और नियमित रूटीन अपनाया जाए, तो धीरे-धीरे नींद की गुणवत्ता में सुधार देखा जा सकता है.
नींद सुधारने में ये चीजें भी फायदेमंदअच्छी नींद के लिए कुछ आसान उपाय काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं. जैसे सोने से पहले हल्का और शांत माहौल बनाना, कमरे की लाइट धीमी रखना और आरामदायक बिस्तर का इस्तेमाल करना. इसके अलावा सोने से पहले गुनगुना दूध पीना या हल्की किताब पढ़ना भी मन को शांत करने में मदद कर सकता है.
नियमित रूप से योग या मेडिटेशन करने से भी दिमाग शांत रहता है और नींद जल्दी आती है. अगर इन आदतों को अपनी दिनचर्या में शामिल किया जाए, तो नींद बेहतर हो सकती है.
ये भी जरूरीअच्छी नींद के लिए दिनभर की आदतें भी उतनी ही जरूरी होती हैं. दिन में पर्याप्त शारीरिक एक्टिविटी करना, समय पर खाना खाना और कैफीन जैसी चीजों का सीमित सेवन करना जरूरी है. इसके अलावा दिन में ज्यादा देर तक सोना भी रात की नींद को प्रभावित कर सकता है.
शरीर को एक नियमित समय की आदत डालना जरूरी होता है, जिससे नींद का चक्र सही बना रहता है. छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपनी नींद को बेहतर बना सकते हैं और दिनभर खुद को एनर्जेटिक महसूस कर सकते हैं.