एक कार के लिए 'खूनी खेल', साले ने जीजा को मार डाला, शव को नहर में फेंका
TV9 Bharatvarsh April 07, 2026 11:42 AM

Andhra Pradesh Crime News: आंध्र प्रदेश के इंदुपुरा थाना क्षेत्र में कार खरीदने के लिए पैसों को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया. महिला के भाई और उसके दोस्तों ने मिलकर उसके पति की हत्या कर दी. महिला की शादी 10 महीने पहले हुई थी. महिला और उसके पति के बीच कार खरीदने को लेकर हुए विवाद के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

मृतक की पहचान 37 वर्षीय विनय कुमार के रूप में हुई है. वह मूल रूप से अनंतपुर जिले के अप्पेहल्ली क्षेत्र का रहने वाला था. परिजनों के अनुसार, करीब 10 महीने पहले उसकी शादी मेघना से परिवार की सहमति से हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था.

कार खरीदने को लेकर हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि पिछले करीब 15 दिनों से कार खरीदने के लिए पैसों को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़ा चल रहा था. पत्नी मेघना कथित तौर पर कह रही थी कि उसका भाई राजू कार खरीदने के लिए पैसे देगा और विनय को वहां आकर पैसे लेने होंगे.

पैसा लेने गया था युवक हो गई हत्या

इसी सिलसिले में शनिवार रात करीब 9 बजे विनय कुमार आंध्र प्रदेश के मेल्या इलाके में पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात पत्नी के भाई राजू और उसके साथियों से हुई. आरोप है कि पैसों को लेकर विवाद बढ़ने पर राजू और उसके दोस्तों ने विनय के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

बाइक के GPRS लोकेशन के मिला शव

हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश में मृतक की बाइक और शव को नहर में फेंक दिया था. घटना का खुलासा तब हुआ जब बाइक के जीपीआरएस लोकेशन के आधार पर पुलिस ने तलाश शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जांच के बाद पुलिस ने राजू, वेणु और श्रेयस को गिरफ्तार कर लिया.

ये भी पढ़ें – ‘जमीन पर पटका, और…’, तंत्र-मंत्र के नाम पर युवती की बेरहमी से पिटाई

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.