Tuesday Astrology: मंगलवार को भूलकर भी न खरीदें ये चीजें, वरना बढ़ सकती हैं मुश्किलें
TV9 Bharatvarsh April 07, 2026 11:42 AM

Mangalwar ke din kya na kharide: हिंदू धर्म में सप्ताह का हर दिन किसी न किसी देवता को समर्पित होता है. मंगलवार का दिन श्री राम भक्त हनुमान जी का दिन माना जाता है. हनुमान जी को संकटमोचन कहा जाता है, जो भक्तों के सभी कष्ट दूर करते हैं. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, मंगलवार का दिन बहुत ही शुभ और ऊर्जावान होता है, लेकिन इस दिन कुछ विशेष कामों और खरीदारी को सही नहीं माना जाता है. मान्यता है कि यदि मंगलवार के दिन अनजाने में कुछ गलत चीजें खरीदी जाएं, तो इससे कुंडली में मंगल दोष लग सकता है और आर्थिक तंगी के साथ-साथ पारिवारिक कलह का सामना करना पड़ सकता है. आइए जानते हैं ज्योतिष शास्त्र के अनुसार मंगलवार को किन चीजों की खरीदारी से बचना चाहिए.

काले रंग के वस्त्र और लोहे का सामान

मंगलवार का संबंध मंगल ग्रह से है, जिसका रंग लाल है. ज्योतिष के अनुसार, इस दिन काले रंग के कपड़े नहीं खरीदने चाहिए और न ही पहनने चाहिए. काला रंग शनि का प्रतीक माना जाता है और मंगल-शनि का मेल कष्टकारी हो सकता है. इसके अलावा, इस दिन लोहे का सामान जैसे चाकू, कैंची, वाहन या बर्तन खरीदना भी अशुभ माना जाता है.

श्रृंगार का समान

शास्त्रों के अनुसार, मंगलवार के दिन कांच का सामान या श्रृंगार से जुड़ी वस्तुएं जैसे- काजल, चूड़ियां या अन्य सौंदर्य प्रसाधन नहीं खरीदने चाहिए. माना जाता है कि इस दिन श्रृंगार का सामान खरीदने से वैवाहिक जीवन में तनाव पैदा हो सकता है.

धारदार वस्तुएं

मंगलवार के दिन भूलकर भी कैंची, नेल कटर, चाकू या सुई जैसी नुकीली और धारदार चीजें नहीं खरीदनी चाहिए. इस दिन इनका इस्तेमाल भी कम से कम करने की सलाह दी जाती है. ऐसी चीजों की खरीदारी से परिवार में विवाद और कलह की स्थिति बन सकती है.

मांस और मदिरा

हनुमान जी की पूजा में सात्विकता का बहुत महत्व है. मंगलवार के दिन तामसिक भोजन जैसे मांस, मछली या मदिरा का सेवन और खरीदारी वर्जित है. ऐसा करने से व्यक्ति के जीवन में आर्थिक बाधाएं आती हैं और स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता है.

मंगलवार को क्या करें?

लाल रंग की वस्तुएं: इस दिन लाल रंग के कपड़े, लाल फूल या लाल मसूर की दाल खरीदना शुभ होता है.

हनुमान चालीसा का पाठ: मंगलवार के दिन हनुमान चालीसा या सुंदरकांड का पाठ करने से सभी नकारात्मक ऊर्जाएं दूर होती हैं.

दान: इस दिन गुड़ और चने का दान करना विशेष फलदायी माना जाता है.

ये भी पढ़ें: मंगलवार क्यों माना जाता है हनुमान जी का दिन? जानें इस दिन किन बातों का रखें ध्यान

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.