Iran-US Ceasefire: ईरान ने जीत का किया दावा, कहा- अमेरिका को मानना पड़ा हमारा प्रस्ताव
TV9 Bharatvarsh April 08, 2026 09:42 AM

ईरान पर होने वाला विनाशकारी हमले दो हफ्तों के लिए रुक गए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि पाकिस्तान के अनुरोध पर वह दो हफ्तों के सीजफायर के लिए मान गए हैं, साथ ही कहा कि ईरान की ओर से 10 पॉइंट्स का सीजफायर प्रस्ताव दिया गया है. वहीं ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के एक बयान के मुताबिक ईरान का कहना है कि उसने एक बड़ी जीत हासिल की है और अमेरिका को अपनी 10-सूत्रीय योजना स्वीकार करने के लिए मजबूर कर दिया है.

ईरान के राष्ट्रीय टेलीविजन से एक खबर आई, जिसमें कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की ’10 पॉइंट प्लान’ को मान लिया है और यह देश के लिए एक जीत है. ट्रंप की धमकी के बाद से ईरान के लोग देश के बिजली और न्यूक्लियर सेंटरों के बाहर अमेरिका के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे. अब सीजफायर को ईरान की ओर से एक जीत के तौर पर पेश किया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक इन दो हफ्तों के बीच पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच फुल सीजफायर के लिए वार्ता शुरू होगी.

ट्रंप के ऐलान के बाद भी ईरान के इजराइल पर हमले जारी

इन रिपोर्टों के बावजूद कि इजराइल भी संघर्ष-विराम में शामिल है, इजराइली सेना का कहना है कि ईरान ने देश पर और मिसाइलें दागी हैं. सेना ने कहा, “इस खतरे को रोकने के लिए एयर डिफेंस एक्टिव है. एक अमेरिकी अधिकारी ने CNN को बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के भीतर हमले रोक दिए हैं. वहीं ईरान ने UAE समेत अन्य खाड़ी देशों में भी अमेरिकी इंट्रेस्ट पर हमले किए हैं.

क्यों मान रहा ईरान अपनी जीत?

ईरान ने अमेरिका के सामने 10 शर्तें रखीं, जिन पर दावा किया जा रहा है कि ट्रंप प्रशासन ने उन्हें मान लिया है. यह शर्ते अगर मान ली जाती है, तो यह ईरान के लिए एक बड़ी रणनीतिक जीत होगी. इन शर्तों के तहत अमेरिका ईरान पर कोई हमला नहीं करेगा, जबकि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का कंट्रोल बना रहेगा. ईरान को यूरेनियम संवर्धन (enrichment) की परमिशन दी जाएगी, साथ ही सभी प्राथमिक (primary) और द्वितीयक (secondary) प्रतिबंध हटाए जाएंगे. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) और अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सभी प्रस्तावों को समाप्त किया जाएगा. इसके अलावा, ईरान को युद्ध के नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा, पूरे क्षेत्र से अमेरिकी सेना हटेगी और हर मोर्चे पर जंग बंद होगी, जिसमें लेबनान की इस्लामिक रेजिस्टेंस हिजबुल्लाह के खिलाफ कोई भी कार्रवाई शामिल नहीं की जाएगी.

ये भी पढ़ें-2 हफ्ते की सीजफायर के लिए तैयार ट्रंप, डेडलाइन से महज 2 घंटे पहले ट्रंप का ऐलान!

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.