Tamil Nadu Election 2026: 5,800 करोड़ की मालकिन! AIADMK की इस उम्मीदवार के हलफनामे ने उड़ाए सबके होश, देखिए दौलत का 'शॉक फैक्टर
एबीपी लाइव April 08, 2026 07:12 PM

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 की सियासी बिसात बिछ चुकी है, लेकिन वोटों की गिनती से पहले ही संपत्तियों के आंकड़ों ने राज्य में खलबली मचा दी है. चुनावी मैदान में उतरे दिग्गजों के बीच एक ऐसा नाम सामने आया है, जिसकी कुल संपत्ति का आंकड़ा सुनकर अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाएं. हम बात कर रहे हैं लालगुडी निर्वाचन क्षेत्र से AIADMK की उम्मीदवार लीमारोज की.

लीमारोज द्वारा चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के मुताबिक, वह और उनका परिवार अरबों की संपत्ति का मालिक है. आइए विस्तार से जानते हैं तमिलनाडु चुनाव 2026 की इस सबसे अमीर उम्मीदवार की धन-दौलत और उनके सियासी सफर के बारे में.

दौलत का 'शॉक फैक्टर': 
5,800 करोड़ से ज्यादा की पारिवारिक संपत्ति जब लीमारोज ने अपना नामांकन दाखिल किया, तो उनके हलफनामे में दर्ज आंकड़े सुर्खियों में छा गए. लीमारोज, उनके पति एस. मार्टिन और उनके बेटे जोस डैसन मार्टिन की कुल चल और अचल संपत्ति को मिला दिया जाए, तो यह आंकड़ा लगभग ₹5,863.72 करोड़ के पार जाता है .


अकेले लीमारोज के पास ₹139.62 करोड़ से अधिक की चल संपत्ति और ₹909.94 करोड़ की अचल संपत्ति है. लीमा रोज मार्टिन अकेली नहीं, उनका पूरा परिवार भी अरबों की संपत्ति का मालिक है. उनके पति सैंटियागो मार्टिन ने अपने हलफनामे में ₹3,262.01 करोड़ की चल संपत्ति और ₹887.36 करोड़ की अचल संपत्ति घोषित की है. 


उनके बेटे जोस चार्ल्स मार्टिन, जो पुडुचेरी से BJP टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, ने ₹664 करोड़ से ज्यादा संपत्ति बताई है. वहीं दामाद आधारव अर्जुना के पास ₹197 करोड़ की संपत्ति है. दिलचस्प बात यह है कि इतने बड़े संपत्ति साम्राज्य के बावजूद, परिवार के पास तीन-तीन TVS XL मोपेड भी हैं, साथ ही Hyundai Creta और Mahindra Thar जैसी कारें शामिल हैं.


संपत्ति का पूरा ब्यौरा:
नकदी, सोना और जमीन-जायदाद 
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में सबसे अमीर उम्मीदवार के तौर पर उभरीं लीमा रोज मार्टिन की संपत्ति का ब्यौरा उनके चुनावी हलफनामे में बेहद चौंकाने वाला है. नकदी, सोना, हीरे और करोड़ों की जमीन-जायदाद—हर श्रेणी में उनकी संपत्ति का विस्तार साफ नजर आता है. हलफनामे के मुताबिक, नकदी के मामले में उनके पास ₹5.52 लाख कैश है, जबकि उनके पति सैंटियागो मार्टिन के पास ₹56.48 लाख नकद मौजूद है. बैंक खातों और निवेश का दायरा भी छोटा नहीं है—यह कई राज्यों में फैला हुआ है, जो परिवार के व्यापक कारोबारी नेटवर्क की ओर इशारा करता है. अचल संपत्ति के मामले में उनका दबदबा और भी बड़ा है. उनके पास ₹909 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी है, जिसमें दिल्ली, मुंबई और तमिलनाडु के कई शहरों में जमीन और आलीशान इमारतें शामिल हैं. कृषि और गैर-कृषि दोनों तरह की जमीन इस पोर्टफोलियो का हिस्सा हैं.

 

आय का जरिया:
आय के स्रोत भी उतने ही मजबूत हैं. उनकी वार्षिक आय (2024-25) ₹9.82 करोड़ रही है, जबकि उनके पति की आय इसी अवधि में ₹11.39 करोड़ दर्ज की गई. कुल मिलाकर, यह हलफनामा सिर्फ संपत्ति का नहीं, बल्कि एक विशाल आर्थिक साम्राज्य की कहानी बयां करता है.

लीमारोज को गहनों का काफी शौक है
अगर गहनों की बात करें तो लीमारोज का कलेक्शन किसी रॉयल ट्रेजरी से कम नहीं है. उनके पास 19,233 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत करीब ₹26.29 करोड़ आंकी गई है. इसके अलावा 1,217 कैरेट हीरे भी उनके पास हैं, जिनकी कीमत लगभग ₹15.48 करोड़ है. यह आंकड़े बताते हैं कि उनकी संपत्ति सिर्फ जमीन तक सीमित नहीं, बल्कि कीमती धातुओं और रत्नों में भी भारी निवेश है.

शिक्षा और सादगी का विरोधाभास 
हलफनामे के अनुसार, लीमा रोज मार्टिन  केवल छठी कक्षा (6th Standard) तक पढ़ाई की है, जो उन्होंने 1979-80 में तिरुवदनाई के सरकारी स्कूल से पूरी की थी. इसके बावजूद उन्होंने रियल एस्टेट, गेमिंग और हॉस्पिटैलिटी जैसे कई सेक्टर में निवेश कर रखा है. यही वजह है कि उनकी संपत्ति लगातार चर्चा में है—कम पढ़ाई के बावजूद करोड़ों का साम्राज्य, राजनीति में एंट्री और अब चुनावी मैदान और हजारों करोड़ की संपत्ति और दर्जनों कंपनियों में हिस्सेदारी रखने वाली लीमारोज की शैक्षणिक योग्यता आपको हैरान कर सकती है.

गाड़ियों का काफिला 
लीमारोज और उनके परिवार के पास वाहनों की एक लंबी लिस्ट है. उनके पास अपनी एक महिंद्रा थार और मारुति डिजायर सहित कई वाहन हैं. वहीं उनके पति के पास BMW 530D, जगुआर, रेंज रोवर और लेक्सस LX 570 जैसी लग्जरी कारें और कई ट्रैक्टर भी हैं.

कानूनी पचड़े: 
4 आपराधिक मामले लंबित अथाह संपत्ति के साथ-साथ लीमारोज का नाता विवादों से भी रहा है. उनके हलफनामे में 4 लंबित आपराधिक मामलों का जिक्र है. इन मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और सीबीआई (CBI) द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA Act) और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत की जा रही जांच शामिल है. हालांकि, वह किसी भी मामले में दोषी सिद्ध नहीं हुई हैं.

हाई-प्रोफाइल मुकाबला
ललगुडी सीट इस बार खास बन गई है, क्योंकि यहां सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि आर्थिक ताकत का भी प्रदर्शन दिखेगा. 23 अप्रैल को मतदान और 4 मई को मतगणना होनी है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या तमिलनाडु की सबसे अमीर उम्मीदवार जनता का भरोसा भी जीत पाती हैं या नहीं. यह चुनाव सिर्फ वोटों का नहीं, बल्कि प्रभाव, पैसे और प्रतिष्ठा का भी बड़ा इम्तिहान बन चुका है. तमिलनाडु की राजनीति में धनबल हमेशा से एक बड़ा फैक्टर रहा है, लेकिन लीमारोज की यह विशाल संपत्ति इस बार के चुनाव में चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बन गई है. एक तरफ उनकी भारी-भरकम संपत्ति है, तो दूसरी तरफ उनकी साधारण शिक्षा और लंबित कानूनी मामले. अब देखना यह होगा कि कवंडमपालयम की जनता इस 'अरबपति' उम्मीदवार पर कितना भरोसा जताती है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.