IPL 2026 के बीच बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, T20I मैच में गेंदबाज ने चटकाए नौ विकेट
Sanjeev Kumar April 10, 2026 01:24 AM
Laura Cardoso Nine wicket Haul: आईपीएल 2026 के बीच ब्राजील की तेज गेंदबाज लॉरा कारडोसो ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. ब्राजील की तेज गेंदबाज लॉरा कारडोसो पुरुषों या महिलाओं के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ही पारी में नौ विकेट लेने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं.
कारडोसो ने लेसोथो के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए चार रन देकर नौ विकेट चटकाए जो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा है.
लॉरा कारडोसो ने गैबोरोन में बोत्सवाना क्रिकेट संघ ओवल दो मैदान पर बीसीए कालाहारी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में यह उपलब्धि हासिल की. पिछला रिकॉर्ड भूटान की सोनम येशे के नाम था जिन्होंने 2025 में पुरुषों के टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में म्यांमार के खिलाफ सात रन देकर आठ विकेट लिए थे.
आईसीसी के अनुसार महिलाओं के टी20 अंतरराष्ट्रीय में कारडोसो ने इंडोनेशिया की रोहमालिया के 2024 में मंगोलिया के खिलाफ बिना रन के सात विकेट चटकाने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा.
गुरुवार को हुए मैच में ब्राजील ने रॉबर्टा एवरी (35 गेंद पर 48 रन) और मोनिके मचाडो (41 गेंद पर नाबाद 69 रन) की शानदार पारियों की मदद से 202 रन का बड़ा स्कोर बनाया. इसके जवाब में लेसोथो की टीम 6.2 ओवर में सिर्फ 13 रन पर सिमट गई और ब्राजील ने 189 रन की बड़ी जीत दर्ज की.
तेज गेंदबाज कारडोसो ने दूसरे ओवर में हैट्रिक के साथ शुरुआत की. उन्होंने चौथे ओवर में चार और विकेट लेकर अपने विकेटों की संख्या सात कर ली. कारडोसो ने छठे ओवर में दो और विकेट के साथ पारी में नौ विकेट चटकाए, आखिरी विकेट मैरिएन आर्टुर ने लिया.