कब करवाना चाहिए फुल बॉडी चेकअप? एक्सपर्ट से जानें
TV9 Bharatvarsh April 12, 2026 09:43 PM

फुल बॉडी चेकअप आज के समय में हेल्थ को लेकर जागरूक रहने का सबसे आसान और असरदार तरीका बन चुका है. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, खराब खानपान, तनाव और गलत लाइफस्टाइल के कारण कई बीमारियां धीरे-धीरे शरीर में पनपने लगती हैं. इनमें से कई समस्याएं शुरुआत में कोई खास लक्षण नहीं दिखातीं, लेकिन समय के साथ गंभीर रूप ले सकती हैं. ऐसे में समय-समय पर जांच करवाने से शरीर के अंदर हो रहे बदलावों का समय रहते पता चल जाता है और इलाज भी जल्दी शुरू किया जा सकता है.

यह न केवल बीमारियों की पहचान करने में मदद करता है, बल्कि शरीर की ओवरऑल हेल्थ का भी सही आकलन देता है. खासतौर पर उन लोगों के लिए यह और भी जरूरी हो जाता है, जो काम के दबाव में अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं. सही समय पर जांच करवाने से कई बड़ी समस्याओं से बचा जा सकता है. आइए जानते हैं कि फुल बॉडी चेकअप कब करवाना चाहिए.

किस उम्र में शुरू करें चेकअप

आरएमएल हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग में डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि बताते हैं कि फुल बॉडी चेकअप की शुरुआत सही उम्र में करना बेहद जरूरी होता है, ताकि आने वाली बीमारियों को पहले ही रोका जा सके. आमतौर पर 25 से 30 साल की उम्र के बाद शरीर में धीरे-धीरे बदलाव शुरू होने लगते हैं. इस उम्र में लाइफस्टाइल से जुड़ी आदतें जैसे गलत खानपान, कम फिजिकल एक्टिविटी और तनाव शरीर पर असर डालने लगते हैं.

इसलिए इस उम्र के बाद साल में एक बार बेसिक हेल्थ चेकअप करवाना सही माना जाता है. वहीं, 40 साल के बाद यह जांच और भी जरूरी हो जाती है क्योंकि इस समय तक कई क्रॉनिक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. उम्र बढ़ने के साथ शरीर की इम्यूनिटी भी कमजोर होने लगती है, जिससे नियमित जांच की जरूरत बढ़ जाती है. समय पर जांच करवाने से स्वास्थ्य को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकता है.

किन लोगों को ज्यादा जरूरत

कुछ लोगों के लिए फुल बॉडी चेकअप और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है. जिन लोगों के परिवार में डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट डिजीज या थायराइड जैसी बीमारियों का इतिहास रहा है, उन्हें नियमित जांच जरूर करवानी चाहिए.

इसके अलावा जो लोग धूम्रपान या शराब का सेवन करते हैं या जिनकी लाइफस्टाइल बहुत ज्यादा तनावपूर्ण है, उनके लिए भी चेकअप बेहद जरूरी है. मोटापा, खराब डाइट और फिजिकल एक्टिविटी की कमी भी कई बीमारियों को बढ़ावा देती है, इसलिए ऐसे लोगों को समय-समय पर अपनी हेल्थ की जांच करवाते रहना चाहिए.

कौन से लक्षण दिखने पर तुरंत टेस्ट कराएं

अगर शरीर में कुछ असामान्य बदलाव नजर आने लगें, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए जैसे लगातार थकान महसूस होना, अचानक वजन कम या ज्यादा होना, बार-बार सिरदर्द होना, नींद पूरी न होना या सांस लेने में दिक्कत होना.

इसके अलावा बार-बार इंफेक्शन होना, भूख में बदलाव या शरीर में कमजोरी महसूस होना भी संकेत हो सकते हैं कि शरीर के अंदर कुछ ठीक नहीं है. ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लेकर फुल बॉडी चेकअप करवाना जरूरी है, ताकि समस्या का समय रहते पता लगाया जा सके.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.