भारत के मिड-साइज़ SUV सेगमेंट में मुकाबला लगातार तेज होता जा रहा है, लेकिन Hyundai Creta और Kia Seltos ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखा दी है. मार्च 2026 के बिक्री आंकड़ों के अनुसार, इन दोनों SUVs की कुल बिक्री ने Maruti Grand Vitara, Victoris और Toyota Hyryder की Joint Sales को पीछे छोड़ दिया है.
मार्च 2026 में Hyundai Creta की 17,838 यूनिट्स बिकीं, जबकि Kia Seltos की 11,041 यूनिट्स की बिक्री हुई. इस तरह दोनों की कुल बिक्री 28,879 यूनिट्स तक पहुंच गई. वहीं दूसरी ओर Maruti Grand Vitara, Victoris और Toyota Hyryder की कुल बिक्री 28,014 यूनिट्स रही, जो Creta और Seltos से 865 यूनिट्स कम है. यह दिखाता है कि कोरियाई कंपनियों की पकड़ अभी भी इस सेगमेंट में बहुत मजबूत बनी हुई है.
Creta और Seltos की सफलता के पीछे उनका दमदार इंजन और टेक्नोलॉजी भी एक बड़ी वजह है. इन दोनों SUVs में 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल, 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5 लीटर डीजल इंजन का विकल्प मिलता है. साथ ही मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों ट्रांसमिशन उपलब्ध हैं, जिससे ग्राहकों को कई विकल्प मिलते हैं. हालांकि प्लेटफॉर्म में थोड़ा अंतर है. Creta अभी K2 प्लेटफॉर्म पर बेस्ड है. जबकि नई Seltos K3 प्लेटफॉर्म पर बनी है. आने वाली नई Creta भी इसी नए प्लेटफॉर्म पर आ सकती है, जिससे यह और बेहतर हो सकती है.
Grand Vitara और Toyota Hyryder एक तरह से एक ही प्लेटफॉर्म और इंजन पर बनी गाड़ियां हैं. इन्हें ‘बैज इंजीनियरिंग’ कहा जाता है, यानी दोनों गाड़ियों में ज्यादातर चीजें एक जैसी होती हैं. इन SUVs में 1.5 लीटर पेट्रोल माइल्ड हाइब्रिड, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड और CNG जैसे विकल्प मिलते हैं. यह उन्हें माइलेज के मामले में मजबूत बनाता है, लेकिन फिर भी बिक्री के मामले में ये Creta और Seltos से पीछे रह गईं.
नई जनरेशन Kia Seltos की मांग लगातार बढ़ रही है. जनवरी 2026 में लॉन्च के बाद इसकी बिक्री हर महीने बढ़ी है. मार्च में इसकी बिक्री 11,041 यूनिट्स तक पहुंच गई, जो इसकी पॉपुलेरिटी को दिखाती है. अन्य SUVs की बात करें तो Tata Sierra की भी अच्छी मांग देखने को मिली और मार्च में इसकी 9003 यूनिट्स बिकीं. Renault Duster की भी एंट्री हुई है, हालांकि इसकी डिलीवरी अप्रैल 2026 से शुरू होगी. Honda Elevate की बिक्री में भी 55% की बढ़ोतरी देखी गई.
यह भी पढ़ेंः भारत में बदला ट्रेंड! CNG कारों की डिमांड हाई, EV की रफ्तार तेज, जानें पेट्रोल-डीजल का हाल