8th Pay Commission में नौकरी का सुनहरा मौका, 1.80 लाख रुपये तक मिलेगी सैलरी
TV9 Bharatvarsh April 13, 2026 04:43 PM

अगर आप अच्छी सैलरी के साथ प्रतिष्ठित काम की तलाश में हैं, तो 8वें वेतन आयोग (8th CPC) में कंसल्टेंट बनने का मौका आपके लिए खास हो सकता है. आयोग ने अलग-अलग कैटेगरी में कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर भर्ती शुरू की है, जिसमें फुल-टाइम और पार्ट-टाइम दोनों तरह के विकल्प मौजूद हैं. यह भर्ती आयोग के रिसर्च और विश्लेषण कार्य को मजबूत करने के लिए की जा रही है, ताकि सरकारी कर्मचारियों की सैलरी, भत्तों और पेंशन पर बेहतर सिफारिशें तैयार की जा सकें.

कंसल्टेंट बनने के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की जांच एक सीनियर अधिकारियों की कमेटी करेगी. यह कमेटी समय-समय पर आवेदन की समीक्षा करेगी और जरूरत के हिसाब से उम्मीदवारों को इंटरैक्शन के लिए बुलाएगी. खास बात यह है कि चयन या रिजेक्शन का अंतिम फैसला पूरी तरह कमेटी के हाथ में होगा और इसके लिए कोई कारण बताना जरूरी नहीं होगा.

किन कैटेगरी में हैं मौके?

इस भर्ती में तीन तरह के पद रखे गए हैं, जिनमें अनुभव और उम्र के आधार पर उम्मीदवार चुने जाएंगे. सीनियर कंसल्टेंट बनने के लिए कम से कम 10 साल का अनुभव होना जरूरी है और अधिकतम उम्र 45 साल तय की गई है. इस कैटेगरी में कुल 5 पद हैं. वहीं, कंसल्टेंट पद के लिए 6 साल का अनुभव और अधिकतम उम्र 40 साल रखी गई है, जिसमें 5 वैकेंसी हैं. इसके अलावा यंग प्रोफेशनल के तौर पर आवेदन करने के लिए 4 साल का अनुभव और अधिकतम उम्र 32 साल होनी चाहिए, और इस कैटेगरी में सबसे ज्यादा 10 पद हैं.

सैलरी कितनी मिलेगी?

इस नौकरी की सबसे बड़ी खासियत इसकी शानदार सैलरी है. सीनियर कंसल्टेंट को फुल-टाइम काम के लिए हर महीने 1.80 लाख रुपये तक मिल सकते हैं. अगर कोई पार्ट-टाइम काम करता है तो 12 दिन के लिए 90,000 रुपये और 6 दिन के लिए 45,000 रुपये तय किए गए हैं. इसी तरह कंसल्टेंट कैटेगरी में फुल-टाइम 1.20 लाख रुपये, 12 दिन के लिए 60,000 रुपये और 6 दिन के लिए 30,000 रुपये मिलेंगे. वहीं यंग प्रोफेशनल को फुल-टाइम 90,000 रुपये, 12 दिन के लिए 45,000 रुपये और 6 दिन के लिए 22,500 रुपये तक मिलेंगे.

क्या मिलेंगी अन्य सुविधाएं?

ध्यान देने वाली बात यह है कि इस नौकरी में सैलरी के अलावा कोई अतिरिक्त भत्ता या सुविधा नहीं दी जाएगी. यानी महंगाई भत्ता, घर, गाड़ी, मेडिकल या CGHS जैसी सुविधाएं नहीं मिलेंगी. यहां तक कि लैपटॉप, फोन या इंटरनेट जैसी चीजें भी खुद ही मैनेज करनी होंगी. आयोग सिर्फ काम से जुड़ी जरूरी बेसिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा.

यह अवसर उन लोगों के लिए बेहतरीन है जो सरकारी सिस्टम के साथ जुड़कर नीति निर्माण में योगदान देना चाहते हैं और साथ ही अच्छा पैसा भी कमाना चाहते हैं. हालांकि, यह एक अस्थायी नौकरी है, जिसे कभी भी समाप्त किया जा सकता है, इसलिए इसे स्थायी नौकरी की तरह नहीं देखा जाना चाहिए.

यह भी पढ़ें- ईरान के पक्ष में यूं ही नहीं उतरा ड्रैगन, ईरानी तेल से भरे हैं चीन के भंडार और होता है अरबों डॉलर का कारोबार

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.