गर्मियों में घट जाती है EV की रेंज? इन 4 टिप्स से बढ़ाएं अपनी इलेक्ट्रिक कार की परफॉर्मेंस
एबीपी ऑटो डेस्क April 13, 2026 06:12 PM

Electric Car CareTips: भारत में इलेक्ट्रिक कारों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. लेकिन गर्मियों के मौसम में इनकी रेंज पर असर पड़ता है. ज्यादा गर्मी की वजह से बैटरी पर दबाव बढ़ता है, जिससे कार कम दूरी तय कर पाती है. अगर आप कुछ आसान बातों का ध्यान रखें, तो आप अपनी इलेक्ट्रिक कार की रेंज को बेहतर बना सकते हैं और बैटरी की उम्र भी बढ़ा सकते हैं. आइए विस्तार से जानते हैं.

धूप में कार खड़ी करने से बचें

गर्मियों में सबसे जरूरी बात यह है कि अपनी इलेक्ट्रिक कार को सीधे धूप में खड़ा न करें. जब कार तेज धूप में खड़ी रहती है, तो उसका तापमान काफी बढ़ जाता है. इसका असर बैटरी पर भी पड़ता है, जिससे उसकी क्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है. अगर संभव हो तो हमेशा कार को छांव या कवर पार्किंग में खड़ा करें. इससे बैटरी ठंडी रहती है और कार की रेंज पर अच्छा असर पड़ता है.

फास्ट चार्जिंग का कम इस्तेमाल करें

बहुत से लोग जल्दी में फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन गर्मियों में ऐसा करना सही नहीं है. फास्ट चार्जिंग से बैटरी जल्दी गर्म हो जाती है, जिससे उसकी लाइफ और रेंज दोनों पर असर पड़ता है. अगर आप अपनी इलेक्ट्रिक कार की बैटरी को लंबे समय तक सही रखना चाहते हैं, तो सामान्य चार्जर का इस्तेमाल करें. भले ही इसमें थोड़ा ज्यादा समय लगे, लेकिन यह बैटरी के लिए बेहतर होता है.

बैटरी को पूरी तरह चार्ज न करें

गर्मियों में इलेक्ट्रिक कार को 100% तक चार्ज करना सही नहीं माना जाता. ऐसा करने से बैटरी पर एक्स्ट्रा दबाव पड़ता है. बैटरी को 10% से 80% के बीच रखना सबसे अच्छा होता है. इससे बैटरी की उम्र भी बढ़ती है और कार की रेंज भी बेहतर रहती है.

स्मूद ड्राइविंग अपनाएं

बता दें कि तेज गति से गाड़ी चलाना और अचानक ब्रेक लगाना भी इलेक्ट्रिक कार की रेंज को कम करता है. अगर आप धीरे-धीरे स्पीड बढ़ाते हैं और जरूरत के अनुसार ब्रेक लगाते हैं, तो बैटरी की खपत कम होती है. आजकल कई इलेक्ट्रिक कारों में रीजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम होता है, जो गाड़ी धीमी करने पर बैटरी को थोड़ा चार्ज भी करता है. इसलिए आराम से और बैलेंस्ड ड्राइविंग करना सबसे सही तरीका है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.