लखीमपुर खीरी में आंबेडकर प्रतिमा टूटने पर बवाल, 82 नामजद समेत 200 अज्ञात पर केस
Tarunmitra April 15, 2026 09:43 PM

लखीमपुर खीरी । लखीमपुर खीरी के मैलानी थाना क्षेत्र के मोतीपुर ग्रंट नंबर 10 गांव में आंबेडकर जयंती के मौके पर प्रतिमा टूटने के बाद मंगलवार शाम बड़ा बवाल हो गया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि विवाद गाटा संख्या 1167 की करीब 0.061 हेक्टेयर जमीन को लेकर था, जहां आंबेडकर जयंती पर प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान कथित तोड़फोड़ के बाद स्थिति बिगड़ गई और उपद्रवियों ने जमकर हिंसा की।

बवाल के दौरान पुलिस और निजी मिलाकर आठ वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि दो को नहर में पलट दिया गया। करीब पांच घंटे तक चले उपद्रव में जो भी वाहन रास्ते में आया, उसे नुकसान पहुंचाया गया। इस घटना में महिला समेत पुलिस और प्रशासन के नौ लोग घायल हुए हैं।

घायल महिला की तहरीर पर आठ नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, हत्या का प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस की ओर से भी 74 लोगों को नामजद करते हुए अलग मुकदमा दर्ज कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। घटना के बाद अधिकांश आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, जबकि प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विवादित जमीन मुख्य मार्ग पर स्थित कीमती सरकारी भूमि है, जिस पर कब्जे को लेकर पहले भी विवाद होते रहे हैं। आरोप है कि इसी जमीन पर कब्जा करने के लिए सुनियोजित तरीके से प्रतिमा स्थापना की कोशिश की गई थी।

प्रशासन ने बताया कि यह भूमि खाद गड्ढों की सरकारी जमीन है और बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने कहा कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जमीन को खाली कराया जाएगा।फिलहाल, राजस्व विभाग द्वारा जमीन की पैमाइश कर कब्जेदारों की पहचान की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.