आईपीएल 2026 के बीच दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल और सनराइजर्स हैदराबाद के उपकप्तान अभिषेक शर्मा को लेकर हैरान करने वाली खबर सामने आई है. इन दोनों क्रिकेटरों को लेकर राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) ने बड़ा फैसला लिया है. रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों का डोप टेस्ट होगा, और दोनों खिलाड़ियों को अपने ठिकाने की जानकारी देना होगी. दरअसल, नाडा ने अभिषेक और अक्षर को पंजीकृत परीक्षण पूल (आरटीपी) में शामिल किया है.
आरटीपी में शामिल 348 खिलाड़ियों की ताजा लिस्ट में अभिषेक शर्मा और अक्षर पटेल ने स्मृति मंधाना और श्रेयस अय्यर की जगह ली है. इन सभी खिलाड़ियों को डोपिंग रोधी एजेंसी को अपने ठिकाने की जानकारी देनी होगी और डेली एक निश्चित समय में परीक्षण (टेस्ट) के लिए उपलब्ध रहना होगा. अपने ठिकाने की जानकारी देने में तीन बार विफल (फेल) रहना डोपिंग का उल्लंघन माना जाता है.
नाडा की लिस्ट में कुल 14 क्रिकेटर
भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा पहले की तरह इस लिस्ट में शामिल हैं. पिछले साल वनडे विश्व कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा व रेणुका सिंह ठाकुर इस सूची में बनी हुई हैं. कुल मिलाकर नाडा की इस सूची में 14 क्रिकेटरों को शामिल किया गया है.
नाडा की इस सूची में सर्वाधिक खिलाड़ी एथलेटिक्स से जुड़े हुए हैं. पिछली बार इनकी संख्या 118 थी जो अब बढ़कर 134 हो गई है. इनमें स्टीपलचेज के एथलीट अविनाश साबले, बाधा दौड़ की धाविका ज्योति याराजी, डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर और फर्राटा धावक अनिमेष कुजुर जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं. लंबी कूद में हिस्सा लेने वाली शैली सिंह और एम श्रीशंकर और गोला फेंक की एथलीट तजिंदरपाल सिंह तूर को भी इस सूची में शामिल किया गया है. तीरंदाजी से अनुभवी खिलाड़ी दीपिका कुमारी, राकेश कुमार और मशहूर पैरा तीरंदाज शीतल देवी नाडा की इस सूची में शामिल हैं.
हॉकी से मनप्रीत सिंह, कप्तान हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह के साथ-साथ महिला टीम की कप्तान सलीमा टेटे, सविता पूनिया और नवनीत कौर भी इस सूची का हिस्सा हैं. बैडमिंटन से आठ खिलाड़ियों को इसमें शामिल किया गया है जिनमें पी वी सिंधु, लक्ष्य सेन और गायत्री गोपीचंद प्रमुख हैं. इस सूची में 22 मुक्केबाज शामिल हैं. इनमें विश्व पदक विजेता निकहत ज़रीन, निशांत देव और जैस्मीन लैंबोरिया के साथ-साथ ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन भी शामिल हैं. कुश्ती से 31 खिलाड़ियों को इस सूची में जगह दी गई है. इनमें ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत भी शामिल हैं.