इस्लामाबाद टॉक्स: ट्रंप का संदेश लेकर तेहरान पहुंचे असीम मुनीर, अराघची ने किया स्वागत
Webdunia Hindi April 16, 2026 05:43 PM

Islamabad Talks 2026: पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर की आगवानी के लिए ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची खुद एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने पाकिस्तान द्वारा संवाद की मेजबानी के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह हमारे गहरे और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को दर्शाता है। ALSO READ: रूस-ईरान तेल पर अमेरिका ने खत्म की छूट, भारत के लिए बड़ा झटका; गहरा सकता है वैश्विक तेल संकट

पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज और आर्मी चीफ फील्ड मार्शल सैयद असीम मुनीर तथा गृह मंत्री मोहसिन नकवी ‘इस्लामाबाद टॉक्स’ के तहत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का संदेश लेकर तेहरान पहुंचे। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने खुद तेहरान एयरपोर्ट पर पाकिस्तानी डेलिगेशन का स्वागत किया।

ईरानी विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा अमेरिका और ईरान के बीच ठप पड़े वार्ता को पुनः शुरू करने तथा क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रयासों का हिस्सा है। इस्लामाबाद में हाल ही में हुई वार्ता निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी थी, जिसके बाद पाकिस्तान मध्यस्थता की भूमिका निभाते हुए तेहरान पहुंचा है।

अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'फील्ड मार्शल मुनीर का ईरान में स्वागत करते हुए बेहद खुशी हुई। पाकिस्तान द्वारा संवाद की मेजबानी के लिए आभार व्यक्त किया। यह हमारे गहरे और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को दर्शाता है। क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता मजबूत और साझा है।'

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग (आईएसपीआर) ने भी पुष्टि की कि फील्ड मार्शल असीम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन नकवी उच्च-स्तरीय डेलिगेशन के साथ मध्यस्थता प्रयासों के तहत तेहरान पहुंचे।

दोनों पक्षों के बीच हुई बैठक में अमेरिका-ईरान वार्ता के दूसरे दौर की तैयारी, क्षेत्रीय सुरक्षा और द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा हुई। पाकिस्तान इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच पुल का काम कर रहा है।यह यात्रा वर्तमान में पश्चिम एशिया की जटिल स्थिति को देखते हुए कूटनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आगे की वार्ता के अगले दौर की उम्मीद अगले कुछ दिनों में इस्लामाबाद में की जा रही है।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.