जंगल में छात्रा से गैंगरेप, दोस्त को पीटकर भगाया… मंदिर दर्शन करने गए थे दोनों, इंदौर के महू में हैवानियत!
TV9 Bharatvarsh April 17, 2026 02:43 AM

Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया है. महू के बेरछा जंगलों में दो दरिंदों ने एक कॉलेज छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया. हैवानियत का आलम देखिए… छात्रा अपने दोस्त के साथ मंदिर दर्शन कर लौट रही थी, तभी रास्ते में घात लगाकर बैठे बदमाशों ने हमला बोल दिया. आरोपियों ने पहले छात्र को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा किया और उसे वहां से खदेड़ दिया. इसके बाद बेबस छात्रा के साथ दरिंदगी की गई.

​पुलिस ने मामले की गंभीरता देखते हुए SIT का गठन कर दिया है. DIG और SP खुद मौके पर पहुंचे, लेकिन सवाल वही कि आखिर कब तक प्रदेश की बेटियां इन भेड़ियों का शिकार होती रहेंगी. आखिर अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ खत्म क्यों हो गया है?

ये भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड करेगी जनगणना की ड्यूटी, सरकारी लिस्ट में आया नाम; देखते ही अफसरों के उड़े होश!

लगनचा मंदिर दर्शन करने गई थी छात्रा

जानकारी के मुताबिक, घटना बीते मंगलवार शाम की है. इंदौर में रहकर पढ़ाई करने वाली छात्रा अपने एक परिचित युवक के साथ बेरछा क्षेत्र के प्रसिद्ध लगनचा मंदिर में दर्शन करने गई थी. दर्शन के बाद दोनों जंगल के रास्ते में एक शांत स्थान पर बैठे थे. तभी दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे. उन्होंने बिना कुछ कहे युवक पर लाठियों से हमला कर दिया. युवक ने विरोध किया तो उसे अधमरा होने तक पीटा गया, जिसके बाद वह जान बचाकर वहां से भागने को मजबूर हो गया.

छात्रा के शरीर पर गहरे जख्म

युवक के भागते ही बदमाशों ने छात्रा को दबोच लिया. मेडिकल रिपोर्ट और पुलिस सूत्रों के अनुसार, छात्रा ने अपनी आबरू बचाने के लिए दरिंदों से काफी संघर्ष किया. बदमाशों के नाखूनों और खींचतान के कारण छात्रा के चेहरे, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म बन गए हैं. दरिंदगी के बाद आरोपी पीड़िता को उसी हालत में छोड़कर घने जंगल में गायब हो गए. पीड़ित युवक ने जंगल से बाहर आते ही डायल-112 को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही बड़गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक आरोपी मौके से फरार हो गए.

जांच के लिए SIT का गठन किया गया

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इंदौर ग्रामीण पुलिस तुरंत हरकत में आई. डीआईजी मनोज सिंह, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया और ASP रूपेश द्विवेदी ने खुद मोर्चा संभाला और बड़गोंदा थाने पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया. इसके बाद एक विशेष जांच दल SIT का गठन किया गया. पीड़िता को बुधवार को घटनास्थल पर ले जाया गया, ताकि आरोपियों के भागने के रूट और घटनाक्रम का मिलान किया जा सके. वहीं आसपास के इलाकों और जंगलों से अब तक 7-8 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

इंदौर में पढ़ती है पीड़ित छात्रा

बताया जा रहा है कि युवक और युवती मूलतः नालछा क्षेत्र के रहने वाले हैं. युवक दिहाड़ी मजदूरी करता है, जबकि युवती इंदौर में कॉलेज की पढ़ाई कर रही है. हमले में युवक के दोनों हाथ और गले पर चोटें आई हैं. वहीं छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे उपचार और काउंसलिंग दी जा रही है.

ASP ने दी जानकारी

एएसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं. यह एक गंभीर अपराध है और हम तकनीकी साक्ष्यों के जरिए बहुत जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजेंगे. इस घटना ने एक बार फिर सुनसान पर्यटन स्थलों और जंगलों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.