हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के लालकुआं क्षेत्र के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित आईओसी डिपो के सामने बने अव्यवस्थित कट पर शनिवार सुबह ऑटो और नेक्सॉन कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, लाइन नंबर 10 आजाद नगर बनभूलपुरा, हल्द्वानी निवासी शोएब अपने भाई शाहरुख और अन्य परिजनों के साथ ऑटो (संख्या यूके 04 टीबी 2641) से लालकुआं की ओर जा रहे थे। आईओसी डिपो के सामने हाईवे पर बने कट को पार करते समय नेक्सॉन कार (संख्या यूके 04 एएन 4247) से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ऑटो में चार बच्चों सहित कुल नौ लोग सवार थे। दुर्घटना में गफूर बस्ती निवासी रोजी (28 वर्ष), पत्नी शाहरुख की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में शाहरुख (35 वर्ष), उनके चार बच्चे अरहान (10 वर्ष), अर्श (8 वर्ष), उजैर (4 वर्ष) और मन्नत (4 माह), साथ ही ऑटो चालक शोएब, रफीक (45 वर्ष) और मेहरू बी अंसारी (14 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए हल्द्वानी के अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अव्यवस्थित कटों को हादसों का प्रमुख कारण बताते हुए प्रशासन से इन्हें जल्द व्यवस्थित करने की मांग की है।