चंद्रमा अभियान में अमित क्षत्रिय की है अहम भूमिका, जानिए कौन हैं ये भारतवंशी अमेरिकी
Webdunia Hindi April 18, 2026 07:43 PM


अमेरिका का 1 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 तक चला आर्तेमिस 2 चंद्र मिशन, 7 दिसंबर, 1972 के अपोलो 17 नाम के उसके अंतिम चंद्र-मिशन के बाद, एक बार फिर चंद्रमा पर जाने का पहला सफल प्रयास था, भले ही इस बार के चार चंद्र यात्रियों ने चंद्रमा की ज़मीन पर अपने पैर नहीं रखे। चंद्रमा पर पुनः जाने के इस नए अभियान को सफल बनाने में एक ऐसे व्यक्ति की भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है, जो हैं तो अमेरिकी नागरिक, पर भारतवंशी अमेरिकी हैं। नाम है अमित क्षत्रिय।

नासा में सर्वोच्च रैंकिंग वाला पद : अमित क्षत्रिय, अमेरिकी अंतरिक्ष अधिकरण नासा (NASA) के सह-प्रशासक हैं। वे नासा के महानिदेशक जौरेड आइसाकमैन के वरिष्ठ सलाहकार हैं। यह पद नासा में सर्वोच्च रैंकिंग वाला नागरिक अधिकारी पद माना जाता है। अमित क्षत्रिय, नासा के 10 केंद्र-निदेशकों के साथ-साथ वाशिंगटन में स्थित नासा के मुख्यालय में मिशन निदेशालय के सह-प्रशासकों का नेतृत्व करते हैं और साथ ही नासा के मुख्य परिचालन अधिकारी भी हैं।

''चंद्रमा से मंगल तक कार्यक्रम'' के उप सह-प्रशासक : अमित क्षत्रिय, इससे पहले वाशिंगटन में नासा मुख्यालय में 'अंतरिक्ष अन्वेषण विकास प्रणाली मिशन' (एक्सप्लोरेशन सिस्टम्स डिवेलपमेंट मिशन / ESDMD) के निदेशालय में ''चंद्रमा से मंगल तक कार्यक्रम (मून टू मार्स प्रोग्राम)'' के डिप्टी सह-प्रशासक के रूप में कार्य कर चुके हैं। नासा का यह निदेशालय मुख्य रूप से एक ऐसा मिशन निदेशालय है, जो मनुष्यों को चंद्रमा, मंगल और उनसे भी आगे ले जाने के लिए आवश्यक प्रणालियां विकसित करता है। उसका मुख्य लक्ष्य अंतरिक्ष अन्वेषण के लिए आवश्यक रॉकेट तथा अंतरिक्ष यान इत्यादि बनाना और बुनियादी ढांचा तैयार करना है।

इस भूमिका में, अमित क्षत्रिय चंद्रमा और मंगल ग्रह के लिए मानव मिशनों के आयोजन वाले कार्यक्रमों की योजना बनाने और उनके कार्यान्वयन के लिए जिम्मेदार थे। उन्होंने अर्तेमिस मिशन और मंगल ग्रह संबंधी योजना बनाने और उनका संचालन सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रमों का निर्देशन और नेतृत्व किया, ताकि वे ESDMD की आवश्यकताओं के अनुरूप सिद्ध हों। ESDMD में अपने वर्तमान पद से पहले, अमित क्षत्रिय अंतरिक्ष अन्वेषण के कार्यकारी उप-सहायक प्रशासक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने अंतरिक्ष प्रक्षेपण प्रणाली, ओरॉयन और अंतरिक्ष अन्वेषण संबंधी अन्य प्रणालियों से जुड़े़ कार्यक्रमों के लिए नेतृत्व और समन्वय का निर्देशन किया है।
2003 से नासा में हैं।

वैश्विक टीमों का नेतृत्व : 2003 में नासा में कार्यभार संभालने के बाद अमित क्षत्रिय ने सॉफ़्टवेयर इंजीनियर, रोबोटिक्स इंजीनियर और अंतरिक्ष यान ऑपरेटर के रूप में काम किया, जो मुख्य रूप से 1998 से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे 'अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन' (ISS) की रोबोटिक असेंबली पर केंद्रित थे। 2014 से 2017 तक, उन्होंने इस अंतरिक्ष स्टेशन के उड़ान निदेशक के रूप में कार्य किया। अंतरिक्ष स्टेशन के संचालन और निष्पादन के सभी चरणों के दौरान उन्होंने वैश्विक टीमों का नेतृत्व भी किया। 2017 से 2021 तक, वे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के वाहन कार्याल के उप-प्रबंधक और फिर कार्यकारी प्रबंधक बने। वे इंजीनियरिंग, संचालन, लॉजिस्टिक्स और हार्डवेयर प्रोग्राम प्रबंधन के लिए जिम्मेदार थे। 2021 में उन्हें नासा के मुख्यालय में नियुक्ति मिली।

भारतीय प्रवासियों की पहली पीढ़ी के गर्वित पुत्र : अमित क्षत्रिय ने अमेरिका में कैलिफ़ोर्निया राज्य के पासाडेना में स्थित 'कैलिफ़ोर्निया इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी' से गणित में 'बैचलर ऑफ़ साइंस' (BSc) और ऑस्टिन स्थित 'यूनिवर्सिटी ऑफ़ टेक्सास' से गणित में 'मास्टर ऑफ़ आर्ट्स' (MA) की डिग्री प्रप्त की है। उनका जन्म अमेरिका के ब्रुकफील्ड, विस्कॉन्सिन में हुआ, हालांकि उनका जन्मदिन ज्ञात नहीं है। वे कैटी, टेक्सास को अपना गृह नगर मानते हैं। वे और उनकी पत्नी, तीन बच्चों के गर्वित माता-पिता हैं। वे स्वयं भी अमेरिका में भारतीय प्रवासियों की पहली पीढ़ी के गर्वित पुत्र हैं। उनके माता-पिता कब और कैसे अमेरिका पहुंचे, यह ज्ञात नहीं है।

अंतरिक्ष स्टेशन ISS के 50वें अभियान के प्रमुख उड़ान निदेशक के रूप में अपने कार्यों के लिए नासा के उत्कृष्ट नेतृत्व पदक से सम्मानित अमित क्षत्रिय को 'सिल्वर स्नूपी' पुरस्कार भी मिला है, जो अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा उड़ान सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। उन्हें यह पुरस्कार व्यावसायिक कक्षीय (ऑर्बिटल) परिवहन सेवाओं के 'ड्रैगन डिमॉन्स्ट्रेशन मिशन' के लिए प्रमुख रोबोटिक्स अधिकारी के रूप में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला। अनुमानतः 50 साल से अधिक आयु वाले अमित क्षत्रिय, धूम-धाम से दूर से दूर रहने वाले एक सादगी पसंद व्यक्ति हैं।
Edited By: Naveen R Rangiyal
© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.