नई दिल्ली। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। बिहार सरकार के गृह मंत्रालय की ओर से यह फैसला लिया गया है। सरकार ने कुछ अन्य नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव किया है। जेडीयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्रवण कुमार की सुरक्षा बढ़ाकर वाई प्लस कैटेगरी की कर दी गई है। जबकि बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा की सुरक्षा घटाई गई है। सिन्हा को पहले जेड प्लस श्रेणी का सुरक्षा कवर मिला हुआ था जिसे अब जेड कर दिया गया है।
राज्य सुरक्षा समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में अनुशंसा के आधार पर नेताओं की सुरक्षा के बाबत निर्णय लिए गए। सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार के संयुक्त सचिव नवीन चन्द्र द्वारा जारी पत्र में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और विशेष शाखा को निर्देशित किया गया है कि राज्य सरकार के निर्णय के अनुरूप नेताओं को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराई जाए। एक दिन पहले ही बिहार सरकार के दोनों नए डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को भी जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। आपको बता दें कि निशांत कुमार फिलहाल किसी पद पर नहीं हैं।
नीतीश कुमार और निशांत कुमार की फाइल फोटो
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के ऐलान के बाद ही निशांत ने जेडीयू की सदस्यता ग्रहण की थी। उनको लेकर ऐसी संभावना जताई जा रही थी कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। निशांत कुमार डिप्टी सीएम क्यों नहीं बने इसको लेकर पिछले दिनों जब उनसे सवाल पूछा गया था तो उन्होंने सीधे तौर पर कोई जवाब न देते हुए इतना कहा था कि पिता जी के पदचिन्हों पर चलने की बात कही थी। अब इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि निशांत कुमार को भविष्य में कौन सी जिम्मेदारी मिलने वाली है।
The post Nishant Kumar Gets Z Security : निशांत कुमार को जेड सिक्योरिटी, बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा की सुरक्षा घटाई गई appeared first on News Room Post.