बड़े शहरों में ट्रैफिक जाम और लंबा सफर लोगों की बड़ी समस्याओं में से एक बन चुका है. रोजाना घंटों सड़क पर बिताना न सिर्फ समय की बर्बादी है, बल्कि यह थकान और तनाव भी बढ़ाता है. इसी समस्या का समाधान अब एयर टैक्सी के रूप में सामने आ रहा है, जो आने वाले समय में शहरों के बीच यात्रा को पूरी तरह बदल सकता है.
भारत की कंपनी Sarla Aviation एक खास तरह की इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी विकसित कर रही है. eVTOL यानी इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ एंड लैंडिंग एयरक्राफ्ट है, जो हेलिकॉप्टर की तरह सीधे ऊपर उठ सकता है और जमीन पर बिना रनवे के उतर सकता है.
इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए देश की प्रमुख एयरलाइन IndiGo ने भी करीब 10 करोड़ रुपये का निवेश किया है. यह निवेश इस तकनीक को जल्दी और बेहतर तरीके से विकसित करने में मदद कर सकता है.
इस एयर टैक्सी का बड़ा उद्देश्य यात्रा को आसान और तेज बनाना है. अभी लोगों के पास शहर के अंदर चलने के लिए कार, बस या मेट्रो जैसे ऑप्शन्स हैं और लंबी दूरी के लिए ट्रेन या हवाई जहाज हैं, लेकिन इनके बीच की दूरी जैसे 50, 100 या 200 किलोमीटर के लिए कोई तेज और आरामदायक साधन नहीं है. यही कमी यह एयर टैक्सी पूरी करने वाली है.
अगर यह प्रोजेक्ट सफल होता है तो यात्रा के समय में बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. उदाहरण के तौर पर गुरुग्राम से नोएडा तक का सफर, जो आमतौर पर ट्रैफिक की वजह से करीब 2 घंटे या उससे ज्यादा लेता है, वही एयर टैक्सी से सिर्फ 15 मिनट में तय किया जा सकेगा. यानी घंटों का सफर मिनटों में बदल जाएगा, जिससे लोगों का समय और एनर्जी दोनों बचेंगे.
इस एयर टैक्सी में एक साथ लगभग 6 लोग बैठ सकेंगे, जिससे यह छोटे ग्रुप ट्रैवल के लिए भी उपयोगी होगी. एयर टैक्सी पूरी तरह इलेक्ट्रिक होगी, इसलिए इससे पॉल्यूशन बहुत कम होगा और यह हेलिकॉप्टर की तुलना में कम शोर करेगी. इसके अलावा इसे चलाने के लिए बड़े एयरपोर्ट की जरूरत नहीं होगी. यह शहर में वर्टिपोर्ट से उड़ान भर सकेगी और वहीं उतर सकेगी.
इस तकनीक का असर सिर्फ आम लोगों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कई अन्य क्षेत्रों को भी इसका फायदा मिलेगा. उदाहरण के तौर पर इमरजेंसी मेडिकल सेवाओं में मरीजों को तेजी से अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा, बिजनेस ट्रैवल ज्यादा तेज और प्रभावी होगा और छोटे शहर भी बड़े शहरों से बेहतर तरीके से जुड़ पाएंगे.
-
अब कार में सीट के नीचे मिलेगा टॉयलेट! चीन की ये कंपनी तैयार करने जा रही खास EV