Prime Minister Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष को जमकर घेरा। महिला आरक्षण बिल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, मैं अपने लोगों के बीच अपना दुख व्यक्त करना चाहता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मैं तो बस आम परिवारों की बहनों को संसद और विधानसभाओं में लाना चाहता था, लेकिन यह नेक प्रयास विफल हो गया। 21वीं सदी की नारी देश की हर राजनीतिक घटना पर पैनी नजर रख रही है। महिला आरक्षण का विरोध करके विपक्ष ने जो पाप किया है, उसकी सजा उन्हें जनता जरूर देगी।
पढ़िए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र को संबोधन से जुड़ीं 20 खास बातें...
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, भारत का हर नागरिक आज देख रहा है कि कैसे नारी शक्ति की उड़ान को रोकने की साजिश रची गई है।
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, हमारे भरसक प्रयासों के बाद भी नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन नहीं हो पाया। मैं इसके लिए देश की सभी माताओं और बहनों से हृदय से क्षमाप्रार्थी हूं।
- मोदी ने कहा, कुछ दलों ने देशहित से ऊपर अपना स्वार्थ रखा। नारी शक्ति ने विपक्ष का रवैया देखा है। उन्होंने दुख जताया कि बिल गिरने पर विपक्ष मेज थपथपा रहा था।
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, यह बिल किसी से कुछ लेने का नहीं, बल्कि सभी को अधिकार देने का था और 40 साल से लंबित महिलाओं के हक को लागू करना था। उन्होंने इसे महिलाओं के हितों के खिलाफ कदम बताया और कहा कि देश इसे याद रखेगा।
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विपक्ष बिल गिरने पर ताली बजाकर जश्न मना रहा था, जो नारी आत्मसम्मान पर चोट है। उन्होंने इसे ईमानदार प्रयास की भ्रूण हत्या बताया और कहा कि विपक्ष को अपने इस कदम की सजा जरूर मिलेगी।
- मोदी ने कहा, नारी सब भूल जाती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती। देश की नारी जब भी अपने क्षेत्र में इन नेताओं को देखेगी तब वो याद करेगी कि इन्हीं लोगों ने संसद में महिला आरक्षण को रोकने का जश्न मनाया था।
- प्रधानमंत्री ने कहा, नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है। नारी शक्ति वंदन संशोधन सभी राज्यों की शक्ति में समान वृद्धि का प्रयास था। ये संसद में सभी राज्यों की आवाज को अधिक शक्ति देने का प्रयास था।
- मोदी ने कहा, यह सब राज्यों की समान अनुपात में शक्ति बढ़ाने की कोशिश थी, लेकिन इस प्रयास की कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने सदन में पूरे देश के सामने भ्रूण हत्या कर दी है।
- प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस अपना वजूद खो चुकी है। कांग्रेस ने देश को गुमराह किया। कांग्रेस का मुखौटा उतर गया है।
- मोदी ने कहा, कांग्रेस महिला आरक्षण के विषय से नफरत करती है। हमने साफ नीयत से पवित्र प्रयास किया।
- प्रधानमंत्री ने कहा, यह महिलाओं को 2029 से उनका हक देने का बिल था।
- मोदी ने कहा, नारी शक्ति बिल पास न होने पर हमें दुख है। नारी शक्ति वंदन संशोधन के खिलाफ है विपक्ष।
- प्रधानमंत्री ने कहा, विपक्षी दल खुशी से तालियां बजा रहे थे। कुछ लोगों के लिए देशहित से बढ़कर दलहित है। हमारे लिए देशहित सर्वोपरि है।
- मोदी ने कहा, मुझे आशा थी कि शायद कांग्रेस अपनी दशकों पुरानी गलती सुधारेगी, लेकिन उसने इतिहास रचने का सुनहरा अवसर खो दिया।
- प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस खुद देश के अधिकांश हिस्सों में अपना वजूद खो चुकी है और परजीवी की तरह क्षेत्रीय दलों के सहारे जिंदा है।
- मोदी ने कहा, इन परिवारवादी पार्टियों को डर है कि अगर महिलाएं सशक्त हो गईं तो उनका राजनीतिक नेतृत्व खतरे में पड़ जाएगा वे कभी नहीं चाहते कि उनके परिवार की महिलाओं के अलावा कोई और आगे बढ़े।
- प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस ने जनधन योजना, आधार, मोबाइल क्रांति और डिजिटल पेमेंट तक का विरोध किया था।
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने ही ट्रिपल तलाक कानून, सामान्य वर्ग के गरीबों को आरक्षण और यूसीसी का विरोध किया है।
- मोदी ने कहा, कांग्रेस की नीति हमेशा से 'लटकाना, अटकाना और भटकाना' रही है। इसी वर्क कल्चर की वजह से भारत उस ऊंचाई पर नहीं पहुंच पाया, जिसका वह हकदार था।
- प्रधानमंत्री ने कहा, कांग्रेस आज भी अंग्रेजों की 'बांटो और राज करो' की नीति पर चल रही है। उन्होंने देश में हमेशा दरार पैदा करने वाली भावनाओं को हवा दी है।
Edited By : Chetan Gour