गार्गी कॉलेज मामले में आप नेता सौरभ भारद्वाज ने LG को लिखा पत्र, ABVP पर एक्शन की मांग
TV9 Bharatvarsh April 20, 2026 01:43 AM

आम आदमी पार्टी का आरोप है कि दिल्ली पुलिस की मौजूदगी में गार्गी महिला कॉलेज में गेट तोड़ कर जबरन घुसने वाले ABVP के कार्यकर्ताओं के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. इस बाबत आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने LG को पत्र लिखा है. उन्होंने इस मामले को लेकर LG से मिलने के लिए तत्काल समय मांगा है ताकि घटना का पूरा विवरण दे सकें. साथ ही, उन्होंने पुलिस को ABVP कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने और दोषियों को गिरफ्तार करने के निर्देश देने की भी मांग की है.

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि महिला कॉलेज में हुई ये घटना छात्राओं की सुरक्षा और दिल्ली पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़ा कर रही है. रविवार को दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को लिखे पत्र में सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि मैं 17 अप्रैल 2026 को दक्षिण दिल्ली स्थित महिला संस्थान, गार्गी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय में हुई एक गंभीर घटना की ओर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहता हूं.

उन्होंने पत्र में बताया कि डूसू अध्यक्ष आर्यन मान के नेतृत्व में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े युवाओं के एक ग्रुप ने बिना किसी कानूनी अधिकार या अनुमति के जबरन कॉलेज परिसर में प्रवेश किया. प्राप्त सूचनाओं और वीडियो साक्ष्यों से पता चलता है कि उन्होंने कॉलेज का गेट तोड़ दिया और परिसर के अंदर अराजकता व हंगामा किया, जिससे छात्राओं और स्टाफ के बीच भारी डर और परेशानी पैदा हुई. गार्गी कॉलेज की छात्राओं ने अदम्य साहस का परिचय दिया और जबरदस्ती घुसे युवाओं का विरोध कर उन्हें वहां से जाने के लिए मजबूर कर दिया.

भारद्वाज ने पूरी घटना को बताया अत्यंत चिंताजनक

सौरभ भारद्वाज ने पत्र में आगे कहा है कि यह अत्यंत चिंताजनक है कि मौके पर दिल्ली पुलिस के जवानों की मौजूदगी के बावजूद, इस जबरन प्रवेश को रोकने या इस अनधिकृत और विघटनकारी कृत्य में शामिल व्यक्तियों को गिरफ्तार करने के लिए कोई तत्काल कार्रवाई नहीं की गई है. हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद भी, आज तक दोषियों के खिलाफ कोई FIR दर्ज नहीं की गई है.

सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि यह घटना महिला शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है. पुरुषों के एक समूह द्वारा एक गर्ल्स कॉलेज में जबरन प्रवेश, विशेष रूप से चल रही छात्र चुनाव प्रक्रिया के दौरान, बिल्कुल अस्वीकार्य है और यह कानून-व्यवस्था के घोर उल्लंघन के समान है. यह पुलिस की भूमिका को भी कटघरे में खड़ा करता है, जिनसे यह उम्मीद की जाती है कि वे नागरिकों, विशेष रूप से ऐसे संवेदनशील वातावरण में कमजोर छात्रों की रक्षा करेंगे.

LG से मांगा मिलने का समय

सौरभ भारद्वाज ने LG से आग कहा है कि मामले की गंभीरता और दिल्ली में महिला सुरक्षा पर इसके प्रभावों को देखते हुए, मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप मुझे जल्द से जल्द मिलने का समय दें, ताकि मैं व्यक्तिगत रूप से आपको घटना के विवरण से अवगत करा सकूं, उपलब्ध साक्ष्य साझा कर सकूं, और शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा के व्यापक मुद्दे पर चर्चा कर सकूं.

सौरभ भारद्वाज ने आगे मांग की है कि दिल्ली पुलिस कमिश्नर को DUSU अध्यक्ष आर्यन मान और अन्य ABVP कार्यकर्ताओं सहित इसमें शामिल व्यक्तियों के खिलाफ अतिचार, जबरन प्रवेश, अशांति पैदा करने और कानून की अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत FIR दर्ज करने के तत्काल निर्देश जारी करें. पुलिस को एक निष्पक्ष और त्वरित जांच करने व दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दें ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और कानून का शासन कायम रहे. मुझे उम्मीद है कि हमारी छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून लागू करने वाली मशीनरी में विश्वास बहाल करने के लिए त्वरित और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.