देश के मैदानी इलाकों में तेज गर्मी का कहर जारी है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और राजधानी दिल्ली समेत कई जगह पारा 44 डिग्री पर पहुंच गया है। देश के कई हिस्सों में भयंकर लू भी चल रहा है। मध्य प्रदेश के भोपाल में पहली बार रात में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। भोपाल, छिंदवाड़ा, मंडला, नर्मदापुरम, ग्वालियर, रतलाम और छतरपुर समेत 16 जिलों में लू चलने के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश में प्रयागराज 44.4 डिग्री के साथ देश में सबसे गर्म रहा। गर्मी को देखते हुए 8वीं तक के स्कूलों का टाइम बदल दिया गया है। झारखंड में भी आज से स्कूलों के समय में बदलाव किया है। महाराष्ट्र के गोंदिया और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार को पारा 43 डिग्री दर्ज हुआ। दोनों जिलों में दोपहर 12:30 बजे से 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल बंद कर दिए गए, ताकि लोगों को चौराहों पर धूप में खड़ा न रहना पड़े। दोनों ही राज्यों में दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में काम करने पर रोक लगा दी गई है। ट्रैफिक पुलिस के काम के घंटे बदलकर सुबह 6 से 11 बजे और शाम 4 से 8 बजे कर दिए गए हैं। कंस्ट्रक्शन वर्कर, स्ट्रीट वेंडर भी इसी समय काम करेंगे।
अगले दो दिनों का मौसम का हालमौसम विभाग ने बुधवार को मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, छत्तीसगढ़, ओडिशा और महाराष्ट्र के विदर्भ में रात में भी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। झारखंड, ओडिशा और राजस्थान में भी हीटवेव जैसे हालात बन सकते है। कर्नाटक और तमिलनाडु में भी गर्म और उमस भरा मौसम जारी है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश, केरल, गोवा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बिजली गिरने का अलर्ट है।
वहीं 23 अप्रैल के पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी का असर जारी रहेगा। झारखंड, ओडिशा और बिहार में भी गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा। तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली गिरने की संभावना है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लूराजस्थान में सोमवार को 12 शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। बाड़मेर, जैसलमेर से ज्यादा गर्मी कोटा में रही, जहां पारा 42 डिग्री पर पहुंच गया। जयपुर और फलोदी में दिन के साथ रात में भी तेज गर्मी है। उदयपुर और अजमेर में गर्मी के कारण पर्यटक घट गए हैं। कोटा के अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए बेड रिजर्व किए गए हैं।
वहीं, मध्य प्रदेश में पहली बार 'वॉर्म नाइट' का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार की रात भोपाल समेत 9 शहरों में रात में भी तेज गर्मी रहेगी। इससे पहले रविवार-सोमवार की रात में भोपाल, छिंदवाड़ा, मंडला और नर्मदापुरम में गर्म रात रही। बुधवार को ग्वालियर, रतलाम और छतरपुर समेत 16 जिलों में लू चलने के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश में 26 जिलों का तापमान 40 डिग्री या इससे ज्यादा पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक दिन में लू का अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने 8वीं तक के सरकारी स्कूलों की टाइमिंग बदल दी है। मंगलवार सुबह से प्रयागराज, काशी, कानपुर में तेज धूप निकली है। काशी के घाटों में सन्नाटा पसरा है।
बिहार, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मीबिहार के 8 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। रोहतास का डेहरी 43.2 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म रहा। पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन ने 5वीं तक की क्लास की टाइमिंग में बदलाव किया है। हालांकि अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है।
ओडीशा के कई हिस्सों में अगले चार दिन तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। 14 जगहों पर तापमान 40 डिग्री से ज्यादा हो गया है। अंगुल, कंधमाल, सुंदरगढ़, बोलांगीर और संबलपुर में रात में भी लू चलेगी। गंजाम जिला प्रशासन ने 21 अप्रैल से 23 अप्रैल तक स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले 5 दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों तक कुछ जगहों पर रात का तापमान बढ़ने से वार्म नाइट कंडीशन बनेगी। जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। राज्य में सबसे अधिक तापमान 43.8 डिग्री बिलासपुर में दर्ज किया गया।
हरियाणा, झारखंड और पंजाब भी बेहालहरियाणा में 20 से 24 अप्रैल तक हीटवेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 42 डिग्री को पार कर गया। 20 और 21 अप्रैल को नारनौल और रोहतक जैसे इलाकों में 'वार्म नाइट' की स्थिति बने रहने की चेतावनी जारी की गई है। 26 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में फिर बदलाव आने की उम्मीद है।
झारखंड में गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आज राज्य के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी और मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं लू चल सकती है। चतरा, गढ़वा और पलामू जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। कोडरमा में भी 43 डिग्री तक तापमान रहने के आसार हैं।
पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय बहुत तेज गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार से (21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक) चार दिन हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर रातें भी गर्म रहेंगी। 21 जिलों का तापमान 35 डिग्री से अधिक चल रहा है। अस्पतालों में स्पेशल वार्ड बनाए गए हैं और 24 घंटे स्टाफ तैनात किया गया है।
हिमाचल में 4 डिग्री बढ़ सकता है तापमानहिमाचल प्रदेश में भी गर्मी का असर दिख रहा है। राज्य में अगले 4 दिन में तापमान में 4 डिग्री बढोतरी की आशंका जताई गई है। प्रदेश में अगले चार दिनों के दौरान गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। राज्य के 12 शहरों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार 21 से 24 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान तेज धूप रहेगी। इससे तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी।
पूर्वोत्तर में अगले 15 दिन रिकॉर्ड बारिश का अलर्टवहीं, असम की राजधानी गुवाहाटी के खानापारा इलाके में 21.59 सेमी बारिश दर्ज की गई। गुवाहाटी में मूसलाधार बारिश के बाद सोमवार को बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ और एक महिला की मौत हो गई। हालात को देखते हुए सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
पूर्वोत्तर भारत में अगले 15 दिनों में एशिया में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और नगालैंड में इस हफ्ते भारी बारिश की आशंका है। अनुमान है कि 20 से 22 अप्रैल के बीच कई इलाकों में तेज बारिश होगी, जबकि 23 अप्रैल को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन 24 अप्रैल से फिर बारिश की तीव्रता बढ़ने के आसार हैं।