फुल चार्ज पर 500 किलोमीटर रेंज, Hyundai ला रही सस्ती इलेक्ट्रिक कार, शानदार होंगे फीचर्स
एबीपी ऑटो डेस्क April 22, 2026 04:12 AM

भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की डिमांड तेजी से बढ़ रही है. इसी को देखते हुए Hyundai अब आम लोगों के बजट में आने वाली नई इलेक्ट्रिक SUV को लाने की तैयारी कर रही है. हाल ही में इसके डिजाइन, फीचर्स और रेंज से जुड़ी कई जरूरी डिटेल्स सामने आई हैं. कंपनी का मकसद ऐसी EV लाना है जो सस्ती होने के साथ-साथ लंबी दूरी भी तय कर सके, ताकि ज्यादा लोग इलेक्ट्रिक गाड़ियों की ओर आकर्षित हों. 

इस नई Hyundai EV को खास तौर पर भारतीय बाजार के लिए तैयार किया जा रहा है और इसे भारत में ही बनाया जाएगा. गाड़ी को Creta Electric से नीचे वाले सेगमेंट में रखा जाएगा, यानी यह एक कॉम्पैक्ट और बजट-फ्रेंडली SUV होगी. टेस्टिंग के दौरान जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें कार को पूरी तरह ढका हुआ रखा गया है, लेकिन फिर भी इसके डिजाइन का अंदाजा लगाया जा सकता है. यह कार थोड़ी बॉक्सी दिखेगी, जिसमें नया और मॉडर्न लुक मिलेगा.

कैसा होगा गाड़ी का डिजाइन?

डिजाइन की बात करें तो इसमें स्प्लिट LED हेडलाइट्स, स्टाइलिश अलॉय व्हील, रूफ रेल्स और यूनिक LED DRLs जैसे एलिमेंट देखने को मिल सकते हैं. कार का लुक काफी प्रीमियम और फ्यूचरिस्टिक रखने की कोशिश की गई है, ताकि यह युवाओं को भी आकर्षित कर सके.

इंटीरियर के मामले में भी यह कार काफी एडवांस हो सकती है. इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, एंबिएंट लाइटिंग, वेंटिलेटेड सीट्स, 360-डिग्री कैमरा और लेवल-2 ADAS जैसे सेफ्टी फीचर्स मिलने की उम्मीद है. यानी यह सिर्फ सस्ती ही नहीं, बल्कि फीचर्स के मामले में भी काफी दमदार हो सकती है.

फुल चार्ज पर कितना चलेगी EV?

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस इलेक्ट्रिक SUV में करीब 40 kWh का बैटरी पैक मिल सकता है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 400 से 500 किलोमीटर तक चल सकती है. यह रेंज इस सेगमेंट में काफी अच्छी मानी जाती है और रोजाना इस्तेमाल के साथ लंबी दूरी के लिए भी पर्याप्त होगी. परफॉर्मेंस के लिहाज से इसमें एक इलेक्ट्रिक मोटर दी जा सकती है, जो फ्रंट व्हील्स को पावर देगी.

किससे होगा मुकाबला?

इसमें फास्ट चार्जिंग, रिजनरेटिव ब्रेकिंग और V2L (Vehicle-to-Load) जैसे आधुनिक फीचर्स भी मिल सकते हैं, जिससे यह और ज्यादा उपयोगी बन जाएगी. जहां तक कीमत और मुकाबले की बात है, Hyundai इस कार को किफायती रखने की कोशिश करेगी.इसका सीधा मुकाबला Tata Nexon EV, Tata Punch EV और Mahindra XUV 3XO EV जैसी गाड़ियों से होगा. लॉन्च टाइमलाइन की बात करें तो कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि इसे 2026 के आखिर या 2027 तक भारतीय बाजार में लॉन्च किया जा  सकता है.

-

सिंगल चार्ज में 1520 KM रेंज, दुनिया के पहले खास ब्रेकिंग सिस्टम वाली इस EV की क्या है कीमत? 

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.